Sensex Closing Bell: इस हफ्ते लगातार तीन दिनों की तेजी से शेयर बाजार 25 अप्रैल के बाद सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ है। हफ्ते और महीने के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 712.46 अंक या 1.25 फीसदी तेजी के साथ 57,570.25 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 228.65 अंक या 1.35 फीसदी बढ़कर 17158.25 पर बंद हुआ।
बाजार की तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस और एचडीएफसी के दोनों शेयरों का योगदान रहा। 30 शेयर वाले इंडेक्स बीएसई के 25 शेयर बढ़त के साथ और 5 गिरावट के साथ बंद हुए। गिरने वालों में कोटक महिंद्रा, डॉ. रेड्डी, एसबीआई, आईटीसी और एक्सिस बैंक रहे। निफ्टी के 50 में से 43 शेयर बढ़त में रहे।
विदेशी निवेशकों की वापसी
विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार में तेजी दिख रही है। बृहस्पतिवार को 1,637 करोड़ रुपये और शुक्रवार को इन्होंने 1,046 करोड़ की खरीदारी की। इंडेक्स में मेटल 4 फीसदी से ज्यादा बढ़ा, जबकि फार्मा, ऑटो और आईटी, ऊर्जा और तेल एवं गैस इंडेक्स एक से दो फीसदी तक बढ़े। सरकारी बैंक इंडेक्स में एक फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
- 15 साल में केवल 4 बार जुलाई में घाटा दिया शेयर बाजार ने
- 642 अरब डॉलर से 571 अरब डॉलर हुआ विदेशी मुद्रा भंडार
27 अगस्त, 2021 के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मजबूत हुआ रुपया
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया शुक्रवार को 45 पैसा मजबूत होकर 79.24 पर बंद हुआ। 27 अगस्त, 2021 के बाद किसी एक दिन में यह सबसे बड़ी बढ़त है। यह 79.55 पर खुला था और 79.17 तक गया था। बृहस्पतिवार को 22 पैसा मजबूत होकर 79.69 पर बंद हुआ था।
इस हफ्ते सेंसेक्स 2,301 अंक बढ़ा
इस हफ्ते सेंसेक्स 2,301 अंकों की तेजी में रहा। 27 जुलाई को 548 अंक, 28 जुलाई को 1,041 अंक और 29 जुलाई को 712 अंक की बढ़त रही। निफ्टी में क्रमश: 158 अंक, 288 अंक और 228 अंकों की तेजी रही। इसमें 674 अंकों की बढ़त रही।