सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई, लेकिन जल्द ही इस तेजी पर ब्रेक लग गया। कुछ देर के कारोबार के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 500 अंक तक टूट गया, जबकि एनएसई के निफ्टी में 157 अंकों की गिरावट आई। फिलहाल, सेंसेक्स 498.22 अंक या 0.87 फीसदी की गिरावट के साथ 56,817.06 के स्तर पर, जबकि निफ्टी 157.20 अंक या 0.92 फीसदी की गिरावट के साथ 16,915.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बता दें कि शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स और एनएसई का निफ्टी दोनों सूचकांकों ने हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स 251.83 अंक या 0.44 फीसदी की बढ़त के साथ 57,567.11 के स्तर पर खुला था, वहीं निफ्टी ने 76.90 अंक या 0.45 फीसदी की तेजी के साथ 17,149.50 के स्तर पर शुरुआत की थी। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 16 बढ़त में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में एचसीएल टेक का शेयर 3 फीसदी चढ़कर कारोबार कर रहा है, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट का स्टॉक 1 फीसदी ऊपर है। एशियन पेंट्स, विप्रो, डॉ. रेड्डी, नेस्ले और इंफोसिस में भी तेजी दिख रही है।
इसके विपरीत, निफ्टी के 50 शेयरों में से 23 बढ़त में और 27 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इसके नेक्स्ट 50 इंडेक्स, मिड कैप, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। गिरने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, टाटा कंज्यूमर, एक्सिस बैंक, सनफार्मा और अन्य हैं। गौरतलब है कि बीते कारोबारी दिन गुरुवार को भी शेयर बाजार ने तेज शुरुआत करके अंत तक तेजी का सिलसिला जारी रखा। कारोबारी दिन समाप्त होने के बाद बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 384.72 अंक या 0.68 फीसदी बढ़त के साथ 57,315.28 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई के निफ्टी ने भी शुरुआती तेजी को अंत तक बरकरार बनाए रखा था। निफ्टी 117.15 अंक या 0.69 फीसदी की उछाल के साथ 17,072.60 के स्तर पर बंद हुआ था।