सप्ताह के तीसरे कारोबार दिन बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 148 अंकों की बढ़त के साथ 53,573 के स्तर पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी सूचकांक ने 40 अंक की तेजी के साथ 16,053 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। फिलहाल, सेंसेक्स 1208 अंक उछलकर 54,632 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 329 अंक की तेजी के साथ 16,342 के स्तर पर पहुंच चुका है।
चार लाख करोड़ से ज्यादा का फायदा
गौरतलब है कि बीते कारोबारी सत्र मंगलवार को बीएसई का सेंसेक्स 581 अंकों की बढ़त के साथ 53,424 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का निफ्टी सूचकांक 150 अंक की तेजी के साथ 16,013 के स्तर पर बंद हुआ था। आज बाजार में आई इस जोरदार तेजी के चलते निवेशकों को चार लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का एमकैप 248.4 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो बीते कारोबार सत्र में 243.7 लाख करोड़ रुपये था। बता दें कि दो बजे तक के कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पांच गिरावट में, जबकि 25 बढ़त में दिख रहे हैं।
रिलायंस-आईसीआईसीआई में उछाल
आज कारोबार के दौरान रिलायंस, आईसीआईसआई और टेक महिन्द्रा के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। रिलायंस और टेक्स महिन्द्रा के शेयरों में चार फीसदी की तेजी आई। इसके अलावा गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में कोटक बैंक, एशियन पेंट्स, नेस्ले, एयरटेल और टाटा स्टील शामिल हैं। इसके अलावा डॉ. रेड्डी, इंफोसिस, सनफार्मा, टाइटन, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, टीसीएस और पावरग्रिड में भी तेजी आई है।