सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार जोरदार गिरावट के साथ खुला और दिनभर लाल निशान पर कारोबार करता रहा। बीएसई का सेंसेक्स सूचकांक 617 अंक या 1.08 फीसदी टूटकर 56,580 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 218 अंक या 1.27 फीसदी की गिरावट लेते हुए 16,994 के स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 711 अंक या 1.24 फीसदी फिसलकर 56, 486 के स्तर पर खुला था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने 226 अंक या 1.32 फीसदी की गिरावट के साथ 16,946 के स्तर पर कारोबार शुरू किया था। बाजार खुलने के साथ लगभग 737 शेयरों में तेजी, 1553 शेयरों में गिरावट और 127 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
बता दें कि बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर खुलकर दिनभर के कारोबार के बाद अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स 714 अंक या 1.23 फीसदी फिसलकर 57,197 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 221 अंक टूटकर व17,172 के स्तर पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार में दो दिनों की बड़ी गिरावट से निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। इन दो दिनों में निवेशकों को 6,47,485 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटकर 2,65,29,672 करोड़ रुपये पर आ गया है।