बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, वैश्विक बाजारों के अनुरूप आज सोने का भाव 118 रुपये गिरकर 49,221 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु मंगलवार को 49,339 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
875 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 64,285 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 875 रुपये गिरकर 63,410 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,860 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 24.22 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।
इसलिए आई गिरावट
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि आज दिल्ली में 24 कैरेट के लिए सोने की कीमतों में 118 रुपये की गिरावट आई है। कमजोर वैश्विक रुख और डॉलर के मुकाबले रुपये के सपाट रहने से कीमत प्रबावित हुई।
कीमत में उतार-चढ़ाव के प्रमुख कारण
अमेरिकी डॉलर में उतार-चढ़ाव, बढ़ते कोरोना वायरस के मामले और इससे संबंधित प्रतिबंध, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से मिश्रित आर्थिक डाटा, अतिरिक्त प्रोत्साहन उपायों और ब्रेक्सिट अनिश्चितता से सोने और चांदी की कीमत में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। विश्लेषकों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में सोने की कीमत पर सबसे बड़ा कारक वैक्सीन के मोर्चे पर प्रगति है।