मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत में मामूली तेजी दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, आज अंतरराष्ट्रीय बाजारों के अनुरूप घरेलू बाजार में सोने का भाव 39 रुपये बढ़कर 49,610 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु पिछले कारोबारी दिन 49,571 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
36 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 68,120 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 36 रुपये बढ़कर 68,156 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,883 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 26.26 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था। आज डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया शुरुआती कारोबर के दौरान 11 पैसे तेजी के साथ 73.38 के स्तर पर था।
निवेशकों के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना
निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिन के लिए खुली है और एक जनवरी 2021 इसका आखिरी दिन है। इसलिए अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो देर ना करें। इसकी बिक्री पर होने वाले लाभ पर आयकर नियमों के तहत छूट के साथ और कई लाभ मिलेंगे।
सस्ते में सोना खरीदने का मौका
योजना के तहत निवेश करने की अवधि 28 दिसंबर 2020 से शुरू हो गई है और एक जनवरी 2021 को इसका आखिरी दिन है। सरकार की ओर से योजना में निवेश के लिए पांच दिन तक का समय दिया गया है। सरकार की ओर से गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए यह वित्त वर्ष 2020-21 की नौवीं श्रृंखला है। पहली श्रृंखला 20 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 24 अप्रैल 2020 को समाप्त हुई थी।
नवंबर में स्वर्ण ETF में 141 करोड़ रुपये की निकासी
लगातार सात महीने तक निवेश प्रवाह जारी रहने के बाद सोने के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में नवंबर माह के दौरान निवेशकों की मुनाफा वसूली के चलते 141 करोड़ रुपये की निकासी हुई। इसके मुकाबले एक साल पहले इसी माह में स्वर्ण ईटीएफ में आठ करोड़ रुपये का निवेश प्रवाह हुआ था। एसोसिएसन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) के पास उपलब्ध आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।