आज वैश्विक बाजारों के अनुरूप और डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट से राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, घरेलू बाजार में सोने की कीमत में 117 रुपये की बढ़त आई और यह 48,332 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु पिछले कारोबारी दिन 48,215 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
541 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 64,116 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 541 रुपये बढ़कर 64,657 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,834 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 25 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था।
कीमत में उतार-चढ़ाव के प्रमुख कारण
अमेरिकी डॉलर में उतार-चढ़ाव, बढ़ते कोरोना वायरस के मामले और इससे संबंधित प्रतिबंध, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से मिश्रित आर्थिक डाटा और अतिरिक्त प्रोत्साहन उपायों से सोने और चांदी की कीमत में उतार-चढ़ाव आता है। विश्लेषकों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में सोने की कीमत पर सबसे बड़ा कारक वैक्सीन के मोर्चे पर प्रगति है।
आर्थिक सुधार से इस साल बढ़ सकती है सोने की मांग
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के उबरने के साथ भारत में 2021 के दौरान उपभोक्ता भावनाओं में सुधार हो रहा है और सोने की मांग सकारात्मक दिखाई दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर में धनतेरस के शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि आभूषणों की मांग औसत से कम थी, लेकिन इसमें पिछले साल की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून 2020) के निचले स्तर के मुकाबले काफी सुधार हुआ। रिपोर्ट में आगे कहा गया कि वैश्विक आर्थिक वृद्धि कुछ समय के लिए अपनी पूर्ण क्षमता के मुकाबले सुस्त बनी रहेगी, लेकिन पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में स्थिरता के चलते उपभोक्ताओं के लिए खरीद के अवसर बढ़ेंगे। डब्ल्यूजीसी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन जैसे देशों में आर्थिक सुधार की संभावना है, जिसे 2020 की शुरुआत में भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था।