फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sensex Nifty Today: बाजार में बिकवाली: 470 अंक लुढ़का सेंसेक्स, सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद

Mon, 18 Jan 2021 03:49 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 470.40 अंक यानी 0.96 फीसदी की गिरावट के साथ 48564.27 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 152.40 अंक (1.06 फीसदी) की गिरावट के साथ 14281.30 के स्तर पर बंद हुआ। 

विज्ञापन


केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ज्यादातर बाजार विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। इसलिए बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख बिनोद मोदी ने कहा कि फिलहाल घरेलू बाजार उत्साहजनक नहीं लग रहे हैं। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 252.16 अंक या 0.51 फीसदी के लाभ में रहा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 86.45 अंक या 0.60 फीसदी चढ़ गया।

इस सप्ताह इन कारकों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा
शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों और वैश्विक घटनाक्रमों से तय होगी। विश्लेषकों का कहना है कि आगामी आम बजट से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव रह सकता है। इसके अलावा निवेशकों की निगाह कोविड-19 से जुड़े घटनाक्रमों, विशेषरूप से देश में टीकाकरण अभियान पर रहेगी। इस सप्ताह बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बजाज फाइनेंस, फेडरल बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज ऑटो और रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे आने हैं। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख के बीच इस सप्ताह घरेलू बाजारों की निगाह बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र पर रहेगी। कारोबारियों ने कहा कि देश में टीकाकरण शुरू होने के बाद शेयर मूल्यों में काफी बदलाव देखने को मिल सकता है। 
विज्ञापन


वैश्विक बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 0.85 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.90 फीसदी पर कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.41 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले यूरोपियन और अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज यूपीएल, रिलायंस, टाइटन, एचडीएफसी बैंक और इचर मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, ओएनजीसी, हिंडाल्को और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। 

11 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा ITC का शेयर
कारोबार के दौरान आज दिग्गज एफएमसीजी कंपनी आईटीसी (ITC) के शेयरों में आज उछाल आया और यह बीएसई पर 221 रुपये पर पहुंचा, जो इसका 11 महीने का उच्चतम स्तर है। हालांकि अंत में यह 219.55 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले एक सप्ताह में आईटीसी के शेयर में 10 फीसदी की तेजी आई है। 

अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में तेजी
गौतम अडाणी की अगुवाई वाले अडाणी समूह सोमवार को कहा कि वैश्विक ऊर्जा कंपनी टोटल ने अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में 20 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी हासिल की है। यह सौदा 2.5 अरब डॉलर में हुआ है। यह फ्रांसीसी कंपनी टोटल और अडाणी ग्रीन की किसी कंपनी के बीच दूसरी पार्टनरशिप है। साल 2018 में टोटल ने अडाणी गैस लिमिटेड में 37.4 फीसदी और धर्मा एलएनजी प्रोजेक्ट में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। आज अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का शेयर 945 के स्तर पर खुलने के बाद 8.20 अंक (0.87 फीसदी) ऊपर 955.95 के स्तर पर बंद हुआ। 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, फार्मा, ऑटो, आईटी, बैंक, मीडिया, प्राइवेट बैंक, मेटल, रियल्टी और फाइनेंस सर्विसेज शामिल हैं।

2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली। 

गिरावट पर खुला था बाजार
आज मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार गिरावट पर खुला था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 56.81 अंक (0.12 फीसदी) की कमजोरी के साथ 48,977.86 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 21.70 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 14,412 के स्तर पर हुई थी। 

शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 549.49 अंक यानी 1.11 फीसदी की गिरावट के साथ 49034.67 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 161.90 अंक (1.11 फीसदी) की गिरावट के साथ 14433.70 के स्तर पर बंद हुआ था। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें