दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने में तीन रुपये की मामूली बढ़त आई। वहीं चांदी की कीमत में 451 रुपये की तेजी की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक, इसकी बड़ी वजह रुपये के मूल्य में गिरावट और वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव है।
दिल्ली सर्राफा में सोने की कीमत तीन रुपये बढ़कर 50,114 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। सोमवार को यह 50,111 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। इसी तरह चांदी का दाम 451 रुपये की तेजी के साथ 62,023 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 61,572 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ जिंस विश्लेषक तपन पटेल ने कहा कि, 'दिल्ली में 24 कैरेट सोने का हाजिर भाव तीन रुपये बढ़ गया। रुपये के मूल्य में गिरावट और वैश्विक स्तर पर सोने के भाव में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर पड़ा।'
डॉलर के मुकाबले रुपये में मंगलवार को 12 पैसे की नरमी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,877 डॉलर जबकि चांदी का भाव 24.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
भारत के पास इतना है सोने का भंडार
मालूम हो कि वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में भारत के पास 653 मेट्रिक टन सोना है। इसके साथ ही सबसे ज्यागा गोल्ड रिजर्व के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर आता है। यह उसके कुल विदेशी मुद्रा भंडार का 7.4 फीसदी है।
सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है भारत
भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।