गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत महंगी हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, वैश्विक बाजारों के अनुरूप आज सोने का भाव 194 रुपये बढ़कर 49,455 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु पिछले कारोबारी दिन 49,261 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
1,184 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 65,785 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 1,184 रुपये बढ़कर 66,969 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,874 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 25.63 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'इस हफ्ते अमेरिकी प्रोत्साहन पैकेज की उम्मीदों से सोने की कीमत में तेजी आई।'
कीमत में उतार-चढ़ाव के प्रमुख कारण
अमेरिकी डॉलर में उतार-चढ़ाव, बढ़ते कोरोना वायरस के मामले और इससे संबंधित प्रतिबंध, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से मिश्रित आर्थिक डाटा, अतिरिक्त प्रोत्साहन उपायों और ब्रेक्सिट अनिश्चितता से सोने और चांदी की कीमत में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। विश्लेषकों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में सोने की कीमत पर सबसे बड़ा कारक वैक्सीन के मोर्चे पर प्रगति है।