मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में मामूली तेजी आई। सोना 45 रुपये बढ़कर 44,481 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोना पिछले कारोबार में 44,436 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
116 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 116 रुपये बढ़कर 66,740 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 66,624 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,730 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी की कीमत 26.11 डॉलर प्रति औंस पर थी।
सोने की मांग में सुधार की उम्मीद
देश की सोने की मांग बीते साल यानी 2020 में 35 फीसदी से अधिक घटकर 446.4 टन रह गई। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। डब्ल्यूजीसी की 2020 की सोने की मांग के रुख पर रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन और बहुमूल्य धातुओं के दाम अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बीच सोने की मांग में गिरावट आई। हालांकि, इसके साथ ही रिपोर्ट में कहा गया है कि अब स्थिति सामान्य हो रही है और साथ ही सतत सुधारों से उद्योग मजबूत हुआ है। ऐसे में इस साल 2021 में सोने की मांग में सुधार की उम्मीद है।
कोरोना के आर्थिक प्रभाव का मुकाबला करने के लिए साल 2020 में बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन से सोने को फायदा हुआ था। 2020 में यह 25 फीसदी बढ़ा था। महंगाई और मुद्रा में गिरावट के खिलाफ सोने को बचाव के रूप में देखा जाता है। चांदी की बात करें, तो इस दौरान इसमें 50 फीसदी की तेजी आई थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में भारत की सोने की मांग 35.34 फीसदी घटकर 446.4 टन रह गई, जो 2019 में 690.4 टन थी। डब्ल्यूजीसी के आंकड़ों के अनुसार बीते साल मूल्य के हिसाब से सोने की मांग में 14 फीसदी की गिरावट आई और यह घटकर 1,88,280 करोड़ रुपये रह गई।