घरेलू बाजार में आज सोने की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत तीन रुपये की मामूली बढ़ोतरी के साथ 50,114 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। जबकि पिछले कारोबारी दिन कीमती धातु 50,111 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की बात करें, तो चांदी की कीमत आज 451 रुपये बढ़कर 62,023 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में 61,572 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
वैश्विक बाजार में सोना 1,877 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 24.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
त्योहारों से पहले सरकार सस्ते में बेच रही है सोना
धनतेरस और दिवाली के समय सोने की खरीद को काफी शुभ माना जाता है। इस बीच सरकार ने नौ नवंबर से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की आठवीं सीरीज सब्सक्रिप्शन के लिए खोल दी है। इस बॉन्ड में 13 नवंबर तक निवेश किया जा सकता है। इस गोल्ड बॉन्ड के लिए सोने की कीमत 5,177 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है। वहीं अगर गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी मांग
भारत में इस साल वैश्विक स्तर के अनुरूप सोने की कीमतें 31 फीसदी बढ़ी हैं। विश्लेषकों के उम्मीद जताई कि भारत में सोने की मांग त्योहारी सीजन में बढ़ेगी। सोना व्यापक प्रोत्साहन उपायों से प्रभावित होता है क्योंकि इसे व्यापक रूप से मुद्रास्फीति और मुद्रा में आई गिरावट के खिलाफ बचाव के रूप में देखा जाता है।