सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भी शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। यह लगातार आठवां कारोबारी सत्र है जब बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.73 फीसदी की तेजी के साथ 316.02 अंक ऊपर 43593.67 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.93 फीसदी (118.05 अंक) की बढ़त के साथ 12749.15 के स्तर पर बंद हुआ।
सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। अमेरिकी चुनाव में जो बाइडेन की जीत का असर साफ-साफ दिखाई दिया। विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
वैश्विक बाजारों में तेजी
मंगलवार को विश्वभर के बाजारों में बढ़त देखने को मिली थी। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 262.95 अंक ऊपर 29,420.90 पर बंद हुआ था। जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 4.97 अंक नीचे 3,545.53 पर बंद हुआ था। कल यूरोपियन बाजार में भी तेजी देखने को मिली थी। ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 1.79 फीसदी ऊपर 6,296.85 पर बंद हुआ था। फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 1.55 फीसदी की बढ़त के साथ 5,418.97 पर बंद हुआ था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज हिंडाल्को, टाटा स्टील, डॉक्टर रेड्डी, एक्सिस बंक और इचर मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं इंडसइंड बैंक, रिलायंस, टाइटन, एशियन पेंट्स और ब्रिटानिया के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मीडिया और पीएसयू बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, बैंक, प्राइवेट बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, मेटल और ऑटो शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
आज सेंसेक्स 173.17 अंक (0.40 फीसदी) ऊपर 43450.82 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 55.30 अंकों की तेजी 0.44 फीसदी) के साथ 12686.40 पर हुई थी।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबरी दिन शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। कल सेंसेक्स 1.60 फीसदी की तेजी के साथ 680.22 अंक ऊपर 43277.65 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 1.36 फीसदी (170.05 अंक) की बढ़त के साथ 12631.10 के स्तर पर बंद हुआ था।