मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत में वृद्धि दर्ज क गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सकारात्मक वैश्विक रुख के बीच सोने का भाव 45 रुपये बढ़कर 48,273 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु सोमवार को 48,228 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी 407 रुपये हुई महंगी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 58,973 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 407 रुपये बढ़कर 59,380 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इतना रहा दाम
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि रुपये में बढ़त के बावजूद आज दिल्ली में 24 कैरेट के लिए सोने की कीमत में 45 रुपये की तेजी आई। उन्होंने कहा कि हाजिर रुपया दिन के दौरान डॉलर के मुकाबले चार पैसे मजबूत कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,812 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 23.34 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।
सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है भारत
भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।