आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.15 फीसदी की बढ़त के साथ 505.72 अंक ऊपर 44655.44 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.08 फीसदी (140.10 अंक) की तेजी के साथ 13109.05 के स्तर पर बंद हुआ। गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य पर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार, बॉन्ड और मुद्रा बाजार बंद थे।
तीन माह के निचले स्तर पर विनिर्माण गतिविधियां
देश की विनिर्माण गतिविधियों में वृद्धि की रफ्तार फिर सुस्त पड़ी है। कारखाना ऑर्डरों, निर्यात और खरीदारी में कमी की वजह से देश की विनिर्माण गतिविधियां नवंबर में तीन महीने के निचले स्तर पर आ गई हैं। आईएचएस मार्किट इंडिया का विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) नवंबर में घटकर 56.3 रह गया, जो अक्तूबर में 58.9 था। यह इसका तीन माह का निचला स्तर है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि देश में विनिर्माण गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं, बेशक नवंबर में इनकी रफ्तार घटी है।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
इस सप्ताह निवेशक बाजार में निवेश करने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक की बैठक के नतीजे, वाहन बिक्री के आंकड़ों, कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के दैनिक मामलों और कोरोना वैक्सीन से जुड़ी खबरों पर नजर बनाए रखेंगे। विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों के रुझान, कच्चे तेल की कीमतें, रुपये की चाल और शुक्रवार को जारी आर्थिक आंकड़ों का असर भी शेयर बाजार पर दिखेगा।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज गेल, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और यूपीएल के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, टाइटन, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें बैंक, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, फार्मा, मीडिया, रियल्टी, ऑटो, आईटी और मेटल शामिल हैं।
पिछले सप्ताह शेयर बाजार में साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गई थी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 267.47 अंक यानी 0.61 फीसदी की साप्ताहिक बढ़त के साथ 44,149.72 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109.90 अंक यानी 0.85 फीसदी उछलकर 12,968.95 अंक पर पहुंच गया। मालूम हो कि सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
शीर्ष 10 कंपनियों में से पांच के बाजार पूंजीकरण में गिरावट
सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 91,699 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा इंफोसिस, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक तथा भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में भी गिरावट आई। वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोटक महिंद्रा बैंक तथा बजाज फाइनेंस के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई।
मामूली बढ़त पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार मामूली तेजी के साथ खुला था। सेंसेक्स 49.92 अंक (0.11 फीसदी) ऊपर 44199.64 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 17.10 अंकों की तेजी (0.13 फीसदी) के साथ 12986.10 पर हुई थी।
पिछले कारोबारी दिन बाजार में आई थी सुस्ती
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार में सुस्ती आई थी। सेंसेक्स 0.25 फीसदी की गिरावट के साथ 110.02 अंक नीचे 44149.72 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.31 फीसदी (40.65 अंक) की गिरावट के साथ 12946.35 के स्तर पर बंद हुआ था।