सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। पिछले कई दिनों से बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी था। लेकिन आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 490.75 अंक यानी 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ 31,069.84 के स्तर पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 153.30 अंक यानी 1.71 फीसदी की बढ़त के साथ 9120.35 के स्तर पर खुला। शेयर बाजार तीन साल के निचले स्तर पर है।
निम्नलिखित कंपनियों के शेयर लाल निशान पर खुले
यस बैंक के शेयर में जबरदस्त बढ़त
इस बीच आज यस बैंक का शेयर में जोरदार बढ़त देखने को मिल रही है। यह 9.47 बजे 18.40 अंक यानी 31.37 फीसदी बढ़कर 77.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 64.50 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 58.65 के स्तर पर बंद हुआ था। महज सात दिनों में यस बैंक का शेयर 1484 फीसदी बढ़ा है। बता दें कि यस बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। यस बैंक ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि 18 मार्च शाम 6 बजे के बाद ग्राहक अपने खाते से सामान्य लेन-देन कर सकेंगे। बैंक के खाताधारक सभी 1,132 शाखाओं से लेनदेन कर सकेंगे। पिछले सप्ताह आर्थिक संकट से जूझ रहे यस बैंक को उबारने के लिए सरकार ने यस बैंक के पुनर्गठन की योजना अधिसूचित की थी। इसलिए पिछले कुछ दिनों से यस बैंक के शेयर में उछाल दर्ज किया जा रहा है। मालूम हो कि 6 मार्च को बैंक के शेयर 5.55 रुपये तक पहुंच गए थे। यस बैंक के शेयर 17 मार्च को तेजी के साथ 63.2 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गए थे। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों में 1,038 फीसदी की तेजी आई है।
73.98 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया 26 पैसे की बढ़त के बाद 73.98 के स्तर पर खुला। जबकि मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 74.24 के स्तर पर बंद हुआ था।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट हरे निशान पर था। सेंसेक्स 389.75 अंक यानी 1.27 फीसदी की बढ़त के बाद 30,968.84 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 121.40 अंक यानी 1.35 फीसदी की गिरावट के बाद 9,088.45 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन ऐसा था शेयर बाजार का हाल
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। सेंसेक्स 129.43 अंक यानी 0.41 फीसदी की ढलान के साथ 31,260.64 के स्तर पर खुला था। निफ्टी 88 अंक यानी 0.96 फीसदी की बढ़त के साथ 9285.40 के स्तर पर खुला था। इसके बाद सुबह 10.31 बजे इसमें बढ़त देखी गई। सेंसेक्स 597.04 अंक (1.90 फीसदी) की बढ़त के बाद 31,987.11 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 191.70 अंक (2.08 फीसदी) की तेजी के बाद 9,389.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मंगलवार को 810 अंक लुढ़ककर बंद हुआ था सेंसेक्स हालांकि बाद में मंगलवार को शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 810.98 अंक यानी 2.58 फीसदी की गिरावट के बाद 30,579.09 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 230.70 अंक यानी 2.51 फीसदी की गिरावट के बाद 8,966.70 के स्तर पर बंद हुआ था। मार्च 2017 के बाद निफ्टी पहली बार 9,000 के नीचे पहुंचा था। ट्रेडर्स के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की तरफ से भारी बिकवाली और रुपये में कमजोरी के चलते भारतीय बाजारों में दबाव बना रहा। मंगलवार को शेयर बाजार तीन साल के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, सत्र के पूर्वार्द्ध के दौरान अच्छी खरीदारी से बाजार में तेजी रही, लेकिन कोरोना के चलते मंदी की आशंकाओं से फिर बिकवाली का दबाव कायम हो गया और बढ़त कायम नहीं रह सकी। आखिरी घंटे में तगड़ी बिकवाली देखने को मिली थी।