फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Share Market Live Updates: बाजार में रौनक, 1400 अंक उछलकर 34,000 के ऊपर पहुंचा सेंसेक्स

Fri, 13 Mar 2020 02:10 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • शुक्रवार को शेयर बाजार में फिर से जबरदस्त गिरावट देखने को मिली।
  • कोरोनावायरस के कहर से बाजार में कोहराम मचा है। 
  • ना सिर्फ भारत, बल्कि दुनियाभर के बाजारों की हालत बुरी है।
  • शुरुआती कारोबार में 15 मिनट से भी कम समय में निवेशकों के 12 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। 
  • बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। 
विज्ञापन
बीएसई सेंसेक्स, निफ्टी शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरुवार को बाजार में आई ऐतिहासिक गिरावट के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में फिर से जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। ना सिर्फ भारत, बल्कि दुनियाभर के बाजारों की हालत बुरी है। बाजार के खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी 10 फीसदी से अधिक लुढ़क गए और इस वजह से ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। शुरुआती कारोबार में 15 मिनट से भी कम समय में निवेशकों के 12 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। 45 मिनट की रुकावट के बाद बाजार में फिर से ट्रेडिंग शुरू हो गई और बाद में बाजार की हालत सुधरती नजर आई। बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। 

विज्ञापन




इसलिए आई रिकवरी
सेबी ने आश्वासन दिया कि शेयर बाजार में भारी उथल-पुथल के बीच किसी भी तरह की अनिवार्य कार्रवाई करने के लिए तैयार है। इसकी वजह से बाजार में रिकवरी आई। साथ ही यूएस स्टॉक फ्यूचर्स में रिकवरी के कारण भी घरेलू शेयर बाजार में उछाल दर्ज किया गया। 

पल-पल के अपडेट्स
2:01 PM -
सेंसेक्स 1434.20 अंक उछलकर 34,212.34 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 386.70 अंक यानी 4.03 फीसदी बढ़कर 9,976.85 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
विज्ञापन

1:01 PM - सेंसेक्स में 1126 अंक का उछाल आया। 3.44 फीसदी की बढ़त के बाद यह 33,905.12 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी की बात करें, तो इसमें भी बढ़त देखी गई। यह 299.85 अंक यानी 3.13 फीसदी बढ़कर 9,890 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
12:27 PM - भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 527.14 अंक यानी 1.61 फीसदी की बढ़त के बाद 33,305 के स्तर पर है। वहीं निफ्टी में 141.35 अंक का उछाल आया और यह 9,731.50 के स्तर पर पहुंचा। 
11:30 AM - बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 133.39 अंक फिसलकर 32,644.75 पर पहुंच गया। निफ्टी 26.65 अंक गिरकर 9,563.50 पर पहुंचा।
11:13 AM - सेंसेक्स में 137.85 अंक यानी 0.42 फीसदी की बढ़त देखी गई। यह 32,915.99 पर पहुंच गया। निफ्टी 43.90 अंकों की बढ़त के बाद 9,634.05 के स्तर पर है।
11:02 AM - थोड़ी बढ़त के बाद सेंसेक्स फिर से 386.94 अंक यानी 1.18 फीसदी फिसलकार 32,391.20 पर पहुंच गया। निफ्टी 167 अंकों की गिरावट के बाद 9,422.60 के स्तर पर है।
10:49 AM - सेंसेक्स में थोड़ी खरीदारी देखने को मिल रही है। इस दौरान इसमें 238.17 अंक यानी 0.73 फीसदी का उछाल आया। निफ्टी में गिरावट जारी है यह 19.70 अंक गिरकर 9,570 के स्तर पर था।
10:39 AM - सेंसेक्स 737.57 अंक फिसला और 32,040 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी 259.80 अंक फिसलकर 9,330.35 के स्तर पर पहुंच गया।
10:25 AM - सेंसेक्स 1651.61 अंक यानी 5.04 फीसदी की गिरावट के बाद 31,126.53 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 434.75 अंक यानी 4.53 फीसदी की गिरावट के बाद 9,155.40 के स्तर पर था। 
10:12 AM - सेंसेक्स 3,522.57 अंक की ढलान के साथ 29,255.57 के स्तर पर था। इसी प्रकार निफ्टी 1,059.10 अंक यानी 11.04 फीसदी की गिरावट के साथ 8,531.10 के निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था। 
10:08 AM - बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3,488.83 अंक यानी 10.64 फीसदी की ढलान के साथ 29,289.31 के स्तर पर था। 

एक्सपर्ट की राय
वित्त विशेषज्ञ रवि सिंह के अनुसार, यूएस, यूरोप और चीन समेत अन्य शेयर बाजारों की वजह से भारतीय शेयर बाजार प्रभावित हो रहा है। यह 30 साल की सबसे बड़ी गिरावट है। दुनियाभर में फैले कोरोनावायरस के कहर से निवेशकों में डर है। साथ ही रूस और सऊदी अरब के बीच क्रूड ऑयर पर चल रहे विवाद से भी बाजार प्रभावित है। निवेशकों के लिए बाजार से दूरी बनाना ज्यादा अच्छा है।

सेबी ने दिया आश्वासन
बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शुक्रवार को कहा कि शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल से निपटने के लिए ‘वह किसी भी तरह की अनिवार्य कार्रवाई’ करने के लिए तैयार है। सेबी ने एक बयान में कहा कि कोरोनावायरस महामारी से जुड़ी चिंताओं के चलते पिछले कुछ दिनों में अन्य वैश्विक बाजारों की तरह ही भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया है। कोरानावायरस की वजह से कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें भी गिरी हैं और आर्थिक मंदी की आशंका का डर भी बढ़ा है। नियामक ने कहा, 'सेबी और शेयर बाजार जरूरत के हिसाब से उपयुक्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं।' सेबी ने कहा कि भारतीय बाजार में गिरावट का रुख अन्य देशों के बाजारों के मुकाबले उल्लेखनीय रूप से कम है।

38 सत्रों में निवेशकों ने गंवाए 46 लाख करोड़ रुपये
38 कारोबारी सत्रों में निवेशकों ने 46 लाख करोड़ रुपये गंवा दिए हैं। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को 113.49 लाख करोड़ रुपये हुआ। 20 जनवरी को यह 159.28 लाख करोड़ रुपये था। 

30,552.96  के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में  बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 2,225.18 अंक यानी 6.79 फीसदी की ढलान के साथ 30,552.96 के स्तर पर खुला था और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 699.55 अंक यानी 7.29 फीसदी की गिरावट के साथ 8,890.60 के निचले स्तर पर खुला था। 

यह भी पढ़ें: क्यों 12 साल बाद शेयर बाजार में आया ऐसा दिन, 45 मिनट के लिए रोकनी पड़ी ट्रेडिंग?


रोकनी पड़ी ट्रेडिंग
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी 10 फीसदी से अधिक लुढ़क गया और इस वजह से ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। यानी कुछ देर तक शेयर बाजार में कारोबार नहीं हुआ। निवेशक ना तो शेयर खरीद सके और ना ही बेच सके। ये ट्रेडिंग 45 मिनट के लिए रोकी गई। मालूम हो कि जब बाजार में 10 फीसदी या उससे अधिक की गिरावट आती है, तो उसमें लोअर सर्किट लग जाता है और ट्रेडिंग कुछ देर के लिए रोक दी जाती है। बाजार में सर्किट के इतिहास पर नजर डाले तो बाजार में 12 साल में पहली बार लोअर सर्किट लगा है।

डाउ जोंस में ट्रेडिंग 15 मिनट के लिए बंद
आज हालात इतने बदतर हो गए कि अमेरिकी शेयर बाजार डाउ जोंस में ट्रेडिंग 15 मिनट के लिए रोक देनी पड़ी। यानी अमेरिकी शेयर बाजार में 15 मिनट के लिए किसी भी तरह का कारोबार नहीं हुआ। बाद में स्थिति सामान्य होने पर एक बार फिर कारोबार की शुरुआत हुई और अंत में डाउ जोंस 10 फीसदी यानी 2,352.60 अंक लुढ़क कर 21,200.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ। ये साल 1987 के बाद का सबसे खराब प्रदर्शन है। एसएंडपी और नैस्डैक भी करीब 10 फीसदी टूटे। 

24 घंटे में भारत समेत दुनिया के 7 देशों के बाजारों में लोअर सर्किट लगा। इनमें अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जमर्नी, इटली और रूस शामिल है।

गिरावट के बड़े कारण

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना को विश्वव्यापी महामारी घोषित कर दिया है। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख ने कहा कि कोविड-19 को पैनडेमिक (विश्वव्यापी महामारी) माना जा सकता है। कोरोनावायरस के चलते देश में गुरुवार को पहली मौत हो गई और 77 लोग संक्रमित पाए गए। दिल्ली और हरियाणा में इसे माहामारी घोषित कर दिया गया है। 
  • टूरिस्ट वीजा निलंबित : सरकार ने 15 अप्रैल तक सभी देशों के पर्यटक वीजा निलंबित कर दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका शुक्रवार से (स्थानीय समयानुसार) 30 दिन के लिए यूरोप से सभी यात्राएं रद्द करने जा रहा है। इस दौरान किसी तरह के यातायात को इजाजत नहीं दी जाएगी। ब्रिटेन को इसमें शामिल नहीं किया गया है। 
  • भारी गिरावट से वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका गहरा गई है। कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट का रुख है। मांग घटने और सप्लाई बढ़ने की आशंका से क्रूड में आठ फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है और ब्रेंट 31 डॉलर के करीब पहुंच गया है। क्रूड में आई करीब तीन दशक की तेज गिरावट ने भी दुनिया के शेयर बाजारों का मूड बिगाड़ दिया है। 
  • विदेशी फंड के लगातार बाहर जाने के चलते निवेशकों की भावनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को सकल आधार पर 3,515.38 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। 
  • खाद्य कीमतों में नरमी के चलते खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में धीमी पड़कर 6.58 फीसदी पर आ गई। सरकार ने इस संबंध में गुरुवार को आंकड़े जारी किए। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति जनवरी 2020 में 7.59 फीसदी थी। जबकि फरवरी 2019 में यह आंकड़ा 2.57 फीसदी था। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2020 में खाद्य क्षेत्र की महंगाई घटकर 10.81 फीसदी रही जो जनवरी में 13.63 फीसदी थी। सरकार ने रिजर्व बैंक को खुदरा मुद्रास्फीति चार फीसदी से नीचे रखने का लक्ष्य दिया है। साथ ही आज थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने हैं, जिससे बाजार प्रभावित होगा।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर खुले। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में निम्नलिखित कंपनियां शामिल हैं-

  • कोटक महिंद्रा बैंक ( 20 फीसदी )
  • बीपीसीएल ( 16.70 फीसदी )
  • एचसीएल टेक ( 15.89 फीसदी )
  • गेल ( 15.32 फीसदी )
  • टेक महिंद्रा ( 15.06 फीसदी )
  • टीसीएस ( 14.84 फीसदी )
  • इंडसइंड बैंक ( 14.56 फीसदी )
  • जी लिमिटेड ( 14.42 फीसदी )
  • अडाणी पोर्ट्स ( 14.36 फीसदी )
  • ओएनजीसी ( 14.08 फीसदी )

यस बैंक के शेयर में बढ़त
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को संकट-ग्रसित यस बैंक में 7,250 करोड़ रुपये लगाने की मंजूरी मिल गई है। इसकी घोषणा एसबीआई ने गुरुवार को की थी, जिसके बाद यस बैंक के शेयर में बढ़त देखी गई। पिछले कारोबारी सत्र 25.05 पर बंद हने के बाद आज यह 22.55 के स्तर पर खुला। दोपहर 2:53 बजे यह दो फीसदी की बढ़त के बाद 25.55 के स्तर पर था। इस संदर्भ में एसबीआई ने बीएसई को बताया था कि, केंद्रीय बोर्ड की कार्यकारी समिति की 11 मार्च को हुई बैठक में 10 रुपये प्रति शेयर की दर से यस बैंक के 725 करोड़ शेयर खरीदने को मंजूरी दी गयी। अभी इस सौदे को नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं। इस सौदे के बाद यस बैंक में एसबीआई की हिस्सेदारी उसकी कुल भुगता पूंजी के 49 प्रतिशत से ऊपर नहीं जाएगी।
 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स की शुरुआत गिरावट पर हुई। इनमें पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया, आईटी, फार्मा, एफएमसीजी, रियल्टी, ऑटो और मेटल शामिल हैं। 

74.39 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया 17 पैसे की गिरावट के बाद 74.39 के स्तर पर खुला। जबकि गुरुवार को बाजार में मचे हड़कंप के बीच रुपया 56 पैसे गिरकर 17 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया था। कोरोनावायरस की वजह से डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को 74.22 पैसे पर बंद हुआ था।

प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 1,564.01 अंक यानी 4.77 फीसदी की गिरावट के बाद 31,214.13 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 482.55 अंक यानी 5.03 फीसदी की गिरावट के बाद 9,107.60 के स्तर पर था। 

गुरुवार को गिरावट पर खुला था बाजार
गुरुवार को सेंसेक्स 1,784.14 अंक यानी 5.03 फीसदी की गिरावट के बाद 33,903.26 के स्तर पर खुला था। जबकि निफ्टी 532.65 अंक यानी 5.09 फीसदी की गिरावट के बाद 9,925.75 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। दोपहर 2:34 बजे सेंसेक्स 3,124.68 अंक यानी 8.75 फीसदी की ढलान के साथ 32,572.68 के स्तर पर आ गया था और निफ्टी 946.25 अंक यानी 9.05 फीसदी की गिरावट के साथ 9,512.15 के निचले स्तर जा पहुंचा था।

विज्ञापन


2919 अंकों की जबरदस्त गिरावट पर बंद हुआ था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार में इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2,919.26 अंक यानी 8.18 फीसदी की जबरदस्त गिरावट के बाद 32,778.14 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 825.30 अंक यानी 7.89 फीसदी की गिरावट के बाद 9,633.10 के स्तर पर बंद हुआ था। 
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 1,564.01 अंक यानी 4.77 फीसदी की गिरावट के बाद 31,214.13 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 482.55 अंक यानी 5.03 फीसदी की गिरावट के बाद 9,107.60 के स्तर पर था। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें