सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 56.18 अंक यानी 0.13 फीसदी की गिरावट के बाद 41,876.38 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 25.65 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के बाद 12,329.85 के स्तर पर खुला। इस बीच वोडाफोन-आइडिया के शेयर में गिरावट देखने को मिली।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो भारती एयरटेल, रिलायंस, यूपीएल, विप्रो, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, ब्रिटानिया, बजाज फिन्सर्व और बजाज फाइनेंस के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं इंफ्राटेल, यस बैंक, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, ग्रासिम, गेल, एचडीएफसी, आईओसी, कोल इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाल निशान पर खुले।
वोडाफोन-आइडिया के शेयर में गिरावट
आज वोडाफोन-आइडिया के शेयर में 40 फीसदी की गिरावट आई। लेकिन बाद में इसमें रिकवरी देखने को मिली। समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने की वजह से इसके शेयर में बिकवाली तेज हो गई। दोपहर 12:30 बजे 1.40 अंक यानी 23.33 फीसदी की गिरावट के बाद यह 4.60 के स्तर पर था। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 5.40 के स्तर पर खुला था। सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया समेत अन्य कंपनियों की पुनर्विचार याचिकाओं को खारिज की, जिसके बाद कंपनी का शेयर लुढ़का।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मेटल, फार्मा, ऑटो, एफएमसीजी आईटी और रियल्टी हरे निशान पर खुले। वहीं प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक और मीडिया लाल निशान पर खुले।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:11 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 3.54 अंक यानी 0.01 फीसदी की गिरावट के बाद 41,929.02 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 27.10 अंक यानी 0.22 फीसदी की गिरावट के बाद 12,328.40 के स्तर पर था।
डॉलर के मुकाबले 70.99 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया छह पैसे की गिरावट के बाद 70.99 के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 70.93 के स्तर पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी दिन मामूली बढ़त पर खुला था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स 32.98 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 41,905.71 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 9.70 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 12,353 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार के खुलते ही सेंसेक्स पहली बार 42,000 पर पहुंच गया। इसमें 134.58 अंकों की तेजी आई थी। वहीं निफ्टी 32.35 अंकों की तेजी के बाद 12,375.65 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।
गुरुवार को 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 59.83 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के बाद 41,932.56 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 12.95 अंक यानी 0.09 फीसदी की बढ़त के बाद 12,356.25 के स्तर पर बंद हुआ था।