सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार जोरदार बढ़त पर बंद हुआ। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.50 फीसदी की तेजी के साथ 548.46 अंक ऊपर 37020.14 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.51 फीसदी ऊपर 161.75 अंकों की बढ़त के साथ 10901.70 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपया 16 पैसे मजबूत होकर बंद
घरेलू शेयर बाजारों की तेजी तथा डॉलर की नरमी के कारण शुक्रवार को अंतर बैंक मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 16 पैसे बढ़कर 75.02 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह बंद का शुरुआती आंकड़ा है। रुपये ने कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ की। हालांकि उथल-पुथल भरे कारोबार में उसने जल्दी ही वापसी की और अंतत: पिछले दिवस की तुलना में 16 पैसे बढ़कर 75.02 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। गुरुवार को रुपया 75.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.98 के उच्च और 75.25 के निचले स्तर के दायरे में रहा।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज बीपीसीएल, इंफ्राटेल, ओएनजीसी, गेल, रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया, टाइटन, बजाज फाइनेंस और टाटा मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडडिया, हिंडाल्को, टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक और डॉक्टर रेड्डी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
ब्रिटानिया का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में दो गुना अधिक
खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज को 30 जून 2020 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत आधार पर 542.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। यह साल भर पहले की तुलना में दो गुना से भी अधिक है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 248.64 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था। कंपनी ने कहा कि शुद्ध लाभ बढ़ने का कारण आय का अधिक रहना है। आज ब्रिटानिया का शेयर 71.75 अंक (1.86 फीसदी) गिरकर 3783 पर बंद हुआ। जबकि इसकी शुरुआत 3900 पर हुई थी और पिछले कारोबारी दिन यह 3854.75 के स्तर पर बंद हुआ था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी, के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें मीडिया, फार्मा, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक, बैंक, एफएमसीजी, मेटल और ऑटो शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 151.21 अंक यानी 0.41 फीसदी ऊपर 36622.89 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.26 फीसदी यानी 27.40 अंकों की बढ़त के साथ 10767.35 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 1.16 फीसदी की तेजी के साथ 419.87 अंक ऊपर 36471.68 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 1.15 फीसदी ऊपर 121.75 अंकों की बढ़त के साथ 10739.95 के स्तर पर बंद हुआ था।