वैश्विक बाजारों के नकारात्मक संकेतों के बीच सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 129.18 अंक नीचे 37606.89 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.26 फीसदी नीचे 28.70 अंकों की गिरावट के साथ 11073.45 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपये में तीन पैसे की बढ़त
डॉलर में कमजोरी के रुख के बीच शुक्रवार को रुपया तीन पैसे की बढ़त के साथ 74.81 के स्तर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 74.74 प्रति डॉलर पर मजबूत खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 74.68 प्रति डॉलर के उच्चस्तर तक गया। इसने 74.90 प्रति डॉलर का निचला स्तर भी छुआ। अंत में रुपया तीन पैसे की बढ़त के साथ 74.81 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पिछले सत्र में रुपया 74.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर का रुख दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.22 फीसदी की गिरावट के साथ 92.81 पर आ गया। कारोबारियों ने कहा कि कमजोर आर्थिक आंकड़ों से डॉलर कमजोर हुआ है। इससे रुपये की धारणा मजबूत हुई। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अप्रैल-जून तिमाही में 33 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है।
इन कारकों से प्रभावित हुआ बाजार
देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से भी निवेशक चिंतित हैं। तिमाही नतीजों के बीच शेयर आधारित गतिविधियां देखने को मिल रही हैं और यह रुख अभी जारी रहने की संभावना है। साथ ही अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने महत्वपूर्ण ब्याज दरों को शून्य के स्तर के करीब रखा है, जिससे बाजार प्रभावित हुआ। अमेरिका-चीन के बीच बढ़ती तनातनी पर भी निवेशकों की नजर है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सन फार्मा, सिप्ला, ग्रासिम, जेएसडब्ल्यू स्टील, यूपीएल, एसबीआई, एम एंड एम, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक और टाटा मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, कोटक बैंक, विप्रो, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी, एचडीएफसी लाइफ और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज प्राइवेट बैंक, फाइनेंस सर्विस, ऑटो, बैंक और मीडिया लाल निशान पर बंद हुए। वहीं आईटी, फार्मा, मेटल, एफएमसीजी, रियल्टी और पीएसयू बैंक हरे निशान पर।
सपाट स्तर पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत सपाट स्तर पर हुई थी। सेंसेक्स 88.11 अंक यानी 0.23 फीसदी नीचे 37647.96 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.13 फीसदी यानी 13.95 अंकों की बढ़त के साथ 11116.10 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.88 फीसदी की गिरावट के साथ 335.06 अंक नीचे 37736.07 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.90 फीसदी नीचे 100.70 अंकों की गिरावट के साथ 11102.15 के स्तर पर बंद हुआ था।