भारी विदेशी निवेश और वैश्विक बाजार में तेजी के चलते आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.01 फीसदी की तेजी के साथ 445.87 अंक ऊपर 44523.02 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.00 फीसदी (128.70 अंक) की तेजी के साथ 13055.15 के स्तर पर बंद हुआ।
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 439.25 अंक या 1.01 फीसदी के लाभ में रहा। मालूम हो कि सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
इस हफ्ते इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
शेयर बाजार की चाल इस हफ्ते कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों तथा डेरिवेटिव्स अनुबंधों के निपटान पर निर्भर करेगी। इस वजह से इस सप्ताह शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। विशेषज्ञों ने कहा कि इसके अलावा कोविड-19 के टीके से संबंधित खबरों, अमेरिका में प्रोत्साहन उपायों की चर्चा तथा वैश्विक रुख बाजार की दिशा तय करेंगे।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज अडाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, इचर मोटर्स और हिंडाल्को के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एचडीएफसी, टाइटन, बीपीसीएल, नेस्ले इंडिया और गेल के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें पीएसयू बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, फार्मा, मीडिया, एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी, मेटल और ऑटो शामिल हैं।
एनएसई ने कार्वी स्टॉक ब्रोकिंग को घोषित किया डिफॉल्टर
एनएसई ने नियामकीय प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने के लिए कार्वी स्टॉक ब्रोकिंग को डिफॉल्टर घोषित कर दिया है। एनएसई की ओर से मंगलवार को जारी सर्कुलर में कहा गया है कि इसके अलावा कार्वी स्टॉक ब्रोकिंग की एक्सचेंज की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। सर्कुलर में कहा गया है कि यह आदेश 23 नवंबर से प्रभावी है। एनएसई ने कहा कि ब्रोकर कंपनी एक्सचेंज के दिशानिर्देशों का अनुपालन करने में विफल रही है।
दिशानिर्देशों के तहत शेयर ब्रोकरों के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना जरूरी होता है। इसके अलावा वे किसी तरह की अनुशासनहीनता या गैर-पेशेवर बर्ताव नहीं कर सकते हैं। इससे पहले कार्वी ने गैरकानूनी तरीके से ग्राहकों द्वारा दिए गए मुख्तारनामे (पावर ऑफ अटर्नी) का दुरुपयोग कर उनकी प्रतिभूतियों को अपने डीमैट खाते में स्थानांतरित कर लिया था। यह मामला सामने आने के बाद भारतीय प्रतिभूति एवं विनियम बोर्ड (सेबी) ने कार्वी के नए ब्रोकरेज ग्राहक लेने पर रोक लगा दी थी। ब्रोकरेज कंपनी ने कथित रूप से अपने ग्राहकों की 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रतिभूतियों का दुरुपयोग किया है।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 274.67 अंक (0.62 फीसदी) ऊपर 44351.82 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 83.50 अंकों की तेजी (0.65 फीसदी) के साथ 13010 पर हुई थी। निफ्टी ने पहली बार 13000 का आंकड़ा पार किया।
पिछले कारोबारी दिन बाजार में आई थी तेजी
पिछले कारोबारी दिन सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.44 फीसदी की तेजी के साथ 194.90 अंक ऊपर 44077.15 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.52 फीसदी (67.40 अंक) की तेजी के साथ 12926.45 के स्तर पर बंद हुआ था।