फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sensex Nifty Today: भारी गिरावट पर बंद हुआ बाजार, 937 अंक फिसला सेंसेक्स, निफ्टी 14 हजार के नीचे

Wed, 27 Jan 2021 03:46 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार में भारी गिरावट आई और यह लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 937.66 अंक यानी 1.94 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 47409.93 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 271.40 अंक (1.91 फीसदी) की गिरावट के साथ 13967.50 के स्तर पर बंद हुआ। मंगलवार को 72वें गणतंत्र दिवस के मौके पर शेयर बाजार बंद थे। 

विज्ञापन


इसलिए आई बाजार में गिरावट

  • अंतरराष्ट्रीय बाजारों का रुख घरेलू बाजार में देखने को मिला। विश्वभर के बाजारों में सुस्त कारोबार हुआ। दोपहर बाद खुला यूरोपियन मार्केट भी सपाट कारोबार कर रहा है।
  • एक फरवरी 2021 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगे। इससे पहले निवेशक सतर्क हैं। जिसके चलते बाजार में गिरावट आई।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एचडीएफसी बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट का असर भी इंडेक्स पर दिखा।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सपाट स्तर पर हुआ कारोबार
वैश्विक बाजारों की बात करें, तो बुधवार को दुनियाभर के बाजारों में सपाट कारोबार दर्ज किया जा रहा है। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 0.24 फीसदी और हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.02 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07 फीसदी, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.01 फीसदी और ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाजार भी सपाट कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी सुस्ती रही थी। 

विज्ञापन


इस सप्ताह जारी रहेगा उतार-चढ़ाव
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 156.13 अंक या 0.31 फीसदी नीचे आया। आम बजट से पहले मासिक डेरिवेटिव अनुबंध के निपटान तथा कंपनियों के तिमाही नतीजों के बीच इस सप्ताह में शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों ने यह राय जताई है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के खुदरा अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि, 'आने वाले दिनों में केंद्रीय बजट तथा मासिक सौदों की समाप्ति से पहले बाजार में उथल-पुथल रह सकती है। कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार के उतार-चढ़ाव को बढ़ाएंगे। इस सप्ताह फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति की भी घोषणा होने वाली है।'

बीएसई सेंसेक्स ने पिछले सप्ताह पहली बार 50,000 अंक के ऐतिहासिक स्तर को पार किया। विश्लेषकों ने कहा कि अब सभी की निगाहें वित्त वर्ष 2021-22 के बजट पर है। बजट से सेंसेक्स की आगे की यात्रा को दिशा मिलेगी। बीते साल कोरोना वायरस महामारी के बीच बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 24 मार्च को अपने एक साल के निचले स्तर 25,638.9 अंक पर आ गया। हालांकि, आगे साल के दौरान सेंसेक्स रिकॉर्ड स्तर तक चला गया। 

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, विप्रो और एसबीआई लाइफ के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाइटन, हिंडाल्को और इंडसइंड बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज और बैंक ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, मीडिया, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।

गिरावट पर खुला था बाजार
आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 280.96 अंक (0.58 फीसदी) की गिरावट के साथ 48,066.63 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 81 अंक यानी 0.57 फीसदी की गिरावट के साथ 14,157.90 के स्तर पर खुला था। लेकिन दोपहर के बाद बाजार में भारी बिकवाली देखी गई। 

सोमवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
सोमवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 530.95 अंक यानी 1.09 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 48347.59 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 133 अंक (0.93 फीसदी) की गिरावट के साथ 14238.90 के स्तर पर बंद हुआ था। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें