एक फरवरी 2021 को पेश हुए बजट के बाद से बाजार में जारी बढ़त पर विराम लग गया है। आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 19.69 अंक (0.04 फीसदी) नीचे 51329.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 6.50 अंक यानी 0.04 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 15109.30 के स्तर पर बंद हुआ।
एक फरवरी से बनी हुई थी तेजी
पिछले छह दिनों में निवेशकों की संपत्ति में 16.70 लाख करोड़ रुपये का बढ़ेतरी हुई है। बाजार में एक फरवरी को पेश बजट के दिन से तेजी बनी हुई थी। एक फरवरी से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 16,70,154.05 करोड़ रुपये बढ़कर 2,02,82,798.08 करोड़ रुपये के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 5,063 अंक यानी 10.93 फीसदी मजबूत हुआ है। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण एक लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा 28 नवंबर, 2014 को पार किया था। व्यापक रूप से सकारात्मक बाजार रुख के बीच बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) सामूहिक रूप से 5,13,532.5 करोड़ रुपये बढ़ गया। इस दौरान बैंकों के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक बढ़त देखने को मिली।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
विश्लेषकों ने कहा कि इस सप्ताह कोई बड़ा आर्थिक घटनाक्रम नहीं है, इसलिए कंपनियों के तिमाही परिणाम और वैश्विक संकेतक बाजार को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बजट और रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा जैसे बड़े घटनाक्रम बीते चुके हैं। ऐसे में अब निवेशकों की धारणा फिर से बुनियादी कारक तय करेंगे। बीते सप्ताह बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में करीब 9.6 फीसदी का उछाल आया है। बजट और कंपनियों के तिमाही नतीजे अच्छे रहने से दीर्घावधि की दृष्टि से बाजार की धारणा सकारात्मक हुई है। हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि बीते सप्ताह जोरदार उछाल के बाद इस सप्ताह बाजार में कुछ 'करेक्शन' आ सकता है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, 'हमारा मानना है कि आगे चलकर बाजार का यह रुख कायम रहेगा। बाजार की दिशा कंपनियों के वित्तीय नतीजों जैसे बुनियादी कारकों से तय होगी। बजट के साथ कंपनियों के भविष्य के मजबूत अनुमानों से दीर्घावधि में बाजार के सकारात्मक ढांचे की पुष्टि होती है।'
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एसबीआई लाइफ, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी लाइफ, ओएनजीसी और आईओसी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, एम एंड एम, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईटीसी और बजाज ऑटो के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज बैंक, फाइनेंस सर्विसेज और प्राइवेट बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, ऑटो, मीडिया, एफएमसीजी, रियल्टी, पीएसयू बैंक, फार्मा और मेटल शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 122.08 अंक (0.24 फीसदी) की तेजी के साथ 51470.85 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 48.35 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 15164.15 के स्तर पर खुला था।
सोमवार को रिकॉर्ड स्तर बंद हुआ था सेंसेक्स
सोमवार को भी शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 617.14 अंक यानी 1.22 फीसदी की तेजी के साथ 51348.77 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 191.55 अंक (1.28 फीसदी) की बढ़त के साथ 15115.80 के स्तर पर बंद हुआ था। यह बाजार बंद होते समय सूचकांक का उच्चतम स्तर है।