अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक के नतीजों से पहले वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बाजार की धारणा मजबूत हुई और यह बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.66 फीसदी की बढ़त के साथ 258.50 अंक ऊपर 39032.85 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.72 फीसदी (82.75 अंक) की बढ़त के साथ 11604.55 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपया 12 पैसे बढ़कर 73.52 पर बंद
घरेलू शेयर बाजार में तेजी और अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख के चलते रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे बढ़कर 73.52 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले स्थानीय मुद्रा में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रुपया 73.70 पर खुला और इसमें आगे गिरावट हुई, हालांकि अंत में भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.52 के स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ बंद हुई।
इस तरह रुपये ने पिछले बंद भाव 73.64 के मुकाबले 12 पैसे की बढ़त दर्ज की। दिन के कारोबार में रुपये ने डॉलर के मुकाबले 73.48 का ऊपरी स्तर और 73.78 का निचला स्तर छुआ। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 फीसदी गिरकर 92.94 पर आ गया।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज डॉक्टर रेड्डी, एम एंड एम, हिंडाल्को, बजाज ऑटो और ब्रिटानिया के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, सिप्ला, एक्सिस बैंक और इंफ्राटेल के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मीडिया और पीएसयू बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, फार्मा, प्राइवेट बैंक, ऑटो, रियल्टी, एफएमसीजी और मेटल शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 44.84 अंक यानी 0.11 फीसदी ऊपर 39089.11 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.09 फीसदी यानी 10.25 अंकों की बढ़त के साथ 11532.05 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 0.74 फीसदी की बढ़त के साथ 287.72 अंक ऊपर 39044.35 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.71 फीसदी (81.75 अंक) की बढ़त के साथ 11521.80 के स्तर पर बंद हुआ था।