अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने को लेकर अनिश्चितता की बात कहने के बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 134 अंक नीचे 38845.82 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.10 फीसदी (11.15 अंक) की गिरावट के साथ 11504.95 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपया 21 पैसे बढ़कर 73.45 पर बंद
अमेरिकी डॉलर के कमजोर रुख के चलते रुपया डॉलर के मुकाबले 21 पैसे मजबूत होकर 73.45 पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.47 के भाव पर खुली और कारोबार के अंत में 73.45 के स्तर पर थी, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 21 पैसे की मजबूती को दर्शाता है। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने 73.15 का ऊपरी स्तर और 73.55 का निचला स्तर देखा।
रुपया गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 73.66 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 फीसदी गिरकर 92.85 पर आ गया। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.51 प्रतिशत बढ़कर 43.52 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज डॉक्टर रेड्डी, अडाणी पोर्ट्स, सिप्ला, भारती एयरटेल और एम एंड एम के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं श्री सीमेंट, बजाज फिन्सर्व, एचडीएफसी बैंक, मारुति और कोटक बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी, ऑटो, रियल्टी, मीडिया और फार्मा हरे निशान पर बंद हुए। वहीं पीएसयू बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी और मेटल लाल निशान पर।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 184.79 अंक यानी 0.47 फीसदी ऊपर 39164.64 के स्तर पर खुला था और निफ्टी की शुरआत 0.46 फीसदी यानी 52.60 अंकों की बढ़त के साथ 11568.70 के स्तर पर हुई थी।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 0.82 फीसदी की गिरावट के साथ 323 अंक नीचे 38979.85 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.74 फीसदी (85.30 अंक) की गिरावट के साथ 11519.25 के स्तर पर बंद हुआ था।