विदेशी कोषों की लगातार आवक के चलते आज शुक्रवार को लगातार 6वें कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 353.84 अंक ऊपर 39467.31 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.83 फीसदी ऊपर 96 अंकों की बढ़त के साथ 11655.25 के स्तर पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले रुपया 43 पैसे मजबूत
विदेशी कोषों की लगातार आवक और डॉलर के कमजोर रुख के चलते शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 43 पैसे की तेजी के साथ 73.39 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ। 21 दिसंबर 2018 को समाप्त सप्ताह के बाद यानी 20 महीनों बाद यह रुपये में सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू मुद्रा किसी उतार-चढ़ाव के बिना खुली, लेकिन जल्द ही बढ़त दर्ज करते हुए अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.39 के स्तर पर बंद हुई, जो पिछले बंद भाव 73.82 के मुकाबले 43 पैसे अधिक है। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने 73.29 के ऊपरी स्तर और 73.87 के निचले स्तर को देखा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की आवक जारी रहने और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के साथ ही अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने रुपये को बढ़ावा दिया। छह प्रमुख मु्द्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.72 फीसदी गिरकर 92.33 पर आ गया। शेयर बाजार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को सकल आधार पर 1,164.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। ब्रेंट क्रूड वायदा 0.33 फीसदी गिरकर 44.94 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई, यूपीएल, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, ग्रासिम, अडाणी पोर्ट्स और भारती एयरटेल के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं जेएसडब्ल्यू स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, इंफोसिस, डॉक्टर रेड्डी, पावर ग्रिड, एचडीएफसी लाइफ, कोल इंडिया, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मेटल, एफएमसीजी और ऑटो के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी फार्मा, रियल्टी मीडिया, बैंक, पीएसयू बैंक, फाइनेंस सर्विस और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
मैक्स इंडिया के शेयर बीएसई में 80 रुपये पर सूचीबद्ध हुए
मैक्स इंडिया के शेयर बीएसई में 80 रुपये पर सूचीबद्ध हुए, लेकिन बाद में इसमें गिरावट हुई और भाव शुरुआती कीमत से 5.26 फीसदी गिरकर 76 रुपये पर आ गए, जो इसका लोअर सर्किट है। एसएसई पर शेयर 79.95 रुपये पर सूचीबद्ध हुए और दिन के कारोबार के दौरान इसमें लोअर सर्किट लगा, और भाव 76 रुपये पर आ गए।
मिल्कबास्केट ने अगले साल IPO लाने की योजना बनाई
डेयरी संबंधी उत्पादों के आपूर्ति मंच मिल्कबास्केट ने अगले साल की दूसरी छमाही में आईपीओ लाने की योजना बनाई है। कंपनी ने एक अधिकारी ने बयाया कि कोरोना वायरस महामारी के बीच हाल के महीनों में उसका कारोबार तेजी से बढ़ा है। मिल्कबास्केट के सह-संस्थापक और सीईओ अनंत गोयल ने बताया कि महामारी के दौरान किराने का सामन घर पर मंगाने की लोगों में आदत बढ़ी है और ऐसे में एक साल के भीतर आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए कंपनी का हौसला बढ़ा है।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई। सेंसेक्स 179.24 अंक यानी 0.46 फीसदी ऊपर 39292.71 के स्तर पर खुला और निफ्टी 0.46 फीसदी यानी 53.30 अंकों की बढ़त के साथ 11612.55 के स्तर पर खुला।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
कल शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 39.55 अंक ऊपर 39113.47 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.08 फीसदी ऊपर 9.65 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 11559.25 के स्तर पर बंद हुआ था।