गुरुवार को 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान हैं। इसकी वजह से सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार के खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स यानी सेंसेक्स में 108.31 अंकों की तेजी दिखाई दी। वहीं दूसरी ओर नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11600 से ज्यादा अंकों पर करोबार करता दिखाई दे रहा है।
आईओसी, बीपीसीएल, एचपीसीएल, यस बैंक, विप्रो, टाटा मोटर्स, एचयूएल और एशियन पेंट्स के स्टॉक्स हरे निशान के साथ खुले। वहीं, गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इसमें इंफोसिस, सन फार्मा, वेदांता और एक्सिस बैंक के स्टॉक्स शामिल रहे।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो इसमें बैंकिंग सेक्टर, आईटी, फार्मा और मेटल लाल निशान के साथ खुले। वहीं एफएमसीजी और इंफ्रा हरे निशान के साथ खुले।
प्री ओपन के दौरान सेंसेक्स 89.11 अंक यानी 0.23 फीसदी की बढ़त के बाद 38674.46 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 25.60 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के बाद 11609.90 के स्तर पर था।
डॉलर के मुकाबले रुपये की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। बुधवार को रुपया 69.11 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 69.21 के स्तर पर खुला।