शेयर मार्केट में मंगलवार से चल रहा गिरावट का दौर बुधवार को भी जारी रहा, जिसके चलते सेंसेक्स 124 अंकों तक लुढ़क गया और निफ्टी भी 9400 स्तर पर आ गया।बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 30,834 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 20 अंक यानि 0.2 फीसदी गिरकर 9491 के स्तर पर बंद हुआ है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दिखी हल्की तेजी
बीएसई और एनएसई दोनों के मिडकैप और स्मॉलकैप में बढ़त देखी गई। हालांकि इसके बावजूद बाजार में गिरावट देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.25 फीसदी तक तो निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.1 फीसदी की मामूली बढ़त देखने को मिली है।
इन वजह से गिरा मार्केट
अमेरिकी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों से बुधवार को एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख है। इन्वेस्टर्स गुरुवार को एफएंडओ की एक्सपायरी और 30 जून की मध्य रात्रि से जीएसटी से लागू होने से पहले काफी सतर्क हैं। वित्त मंत्री के बयान से निफ्टी में दबाव देखने को मिला है। वहीं आरबीआई द्वारा प्रोवेजनिंग बढ़ाए जाने के आदेश के बाद पीएसयू बैंकों में गिरावट देखने को मिली है।