भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास द्वारा मौद्रिक नीति समिति के फैसलों की घोषणाओं के बाद बाजार में तेजी आई। सुबह 11.07 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 218.39 अंक यानी 0.54 फीसदी ऊपर 40401.06 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.65 फीसदी यानी 77.35 अंकों की बढ़त के साथ 11911.95 के स्तर पर था।
जबकि आज सेंसेक्स की शुरुआत 43.58 अंक ऊपर 40226.25 पर हुई थी और निफ्टी 0.15 फीसदी यानी 17.45 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 11852.05 के स्तर पर खुला था।
आरबीआई के एलानों से प्रभावित बाजार
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कोरोना काल और त्योहारी सीजन में ग्राहकों को आरबीआई से झटका लगा है। ऐसा इसलिए क्योंकि केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि ग्राहकों को ईएमआई में कटौती की उम्मीद थी। रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर स्थिर रखा गया है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के आखिरी तिमाही में जीडीपी में वृद्धि की उम्मीद है। हम बेहतर भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। सभी सेक्टर्स में ग्रोथ देखने को मिल रही है।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज टेक महिंद्रा, डॉक्टर रेड्डी, एचडीएफसी लाइफ और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं हिंडाल्को, टीसीएस, नेस्ले इंडिया, इंडसइंड बैंक और गेल की शुरुआत लाल निशान पर हुई।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स बढ़त के साथ खुले। इनमें आईटी, फार्मा, मीडिया, पीएसयू बैंक, रियल्टी, फाइनेंस सर्विसेज, मेटल, ऑटो, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 30.81 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 40213.48 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 13.40 अंक यानी 1.11 फीसदी ऊपर 11848 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबरी दिन लगातार छठे कारोबारी सत्र में सेंसेक्स-निफ्टी मजबूती के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 0.73 फीसदी की बढ़त के साथ 291.75 अंक ऊपर 40148.86 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.82 फीसदी (95.75 अंक) की बढ़त के साथ 11834.60 के स्तर पर बंद हुआ था।
गुरुवार को हरे निशान पर खुला था बाजार
गुरुवार को सेंसेक्स की शुरुआत 322.13 अंक यानी 0.81 फीसदी ऊपर 40201.08 के स्तर पर हुई थी और निफ्टी 0.77 फीसदी यानी 90.85 अंकों की बढ़त के साथ 11829.70 के स्तर पर खुला था।