रविवार शाम लोकसभा चुनाव 2019 के एग्जिट पोल आए। लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को होगी, लेकिन अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल आते ही राजनीतिक बहस का नया दौर शुरू हो गया। राजनीतिक बहस के साथ ही शेयर बाजार में भी एग्जिट पोल का असर दिखा।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो अडाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया और भारती इंफ्रा के स्टॉक्स हरे निशान के साथ खुले। वहीं गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, बीपीसीएल, एचसीएल टेक, इंफोसिस, सन फार्मा, टीसीएस और जिंदल स्टेनलेस के स्टॉक्स शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं। इनमें बैंक, ऑटो, एनर्जी, इंफ्रा, फार्मा और एफएमसीजी शामिल है।
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को प्री ओपन के दौरान शेयर बाजार हरे निशान पर था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 27.40 अंक यानी 0.07 फीसदी की बढ़त के बाद 39380.07 के स्तर पर था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 21.70 अंक यानी 0.18 फीसदी की बढ़त के बाद 11850 के स्तर पर था।
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 811 अंक यानी 2.14 फीसदी की बढ़त के साथ 38741.77 के स्तर पर खुला था। वहीं 242.10 अंक यानी 2.12 फीसदी की बढ़त के साथ सोमवार को निफ्टी 11649.30 के स्तर पर खुला।
दिनभर के कारोबार के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स यानी सेंसेक्स 1421.90 अंक यानी 3.75 फीसदी की बढ़त के बाद 39352.67 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की बात करें तो निफ्टी में 421.10 अंक यानी 3.69 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जिसके बाद निफ्टी 11828.30 के स्तर पर पहुंचा था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सेंसेक्स और निफ्टी में यह पिछले 10 साल की सबसे बड़ी तेजी है।
मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सपाट स्तर पर खुला। डॉलर के मुकाबले रुपया 69.74 के स्तर पर खुला। वहीं इससे पहले भी रुपया 69.74 पर ही बंद हुआ था।