कोरोना महामारी के साये के बीच साल 2021 शेयर बाजार के लिए शानदार साबित हुआ है। भारतीय शेयर बाजार के दोनों सूचकांकों ने इस साल बेहतरीन प्रदर्शन किया। सेंसेक्स ने जहां इस साल अपना ऑल टाइम हाई 60,000 का आंकड़ा छू लिया, तो वहीं निफ्टी ने 18,000 के उच्च स्तर को पार करने में सफलता हासिल की। अब नया साल 2022 शुरू होने वाला है और निवेशक नए साल में भी अच्छे रिटर्न की उम्मीद जता रहे हैं।
साल 2022 में भी चमकेगा शेयर बाजार
कोरोना का प्रकोप अभी भी जारी है और इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का दवाब शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में ओमिक्रॉन के साये में शेयर बाजार की चाल कैसी रहेगी हर किसी के मन में ये सवाल है। लोग जानना चाहते हैं कि नए साल में 2021 की तरह पैसा बरसेगा या लोगों की गाड़ी कमाई डूब जाएगी। इस बारे में विशेषज्ञों की मानें तो साल 2022 में भी शेयर बाजार में रौनक देखने को मिलेगी और सेंसेक्स व निफ्टी सूचकांक 2021 के रिकॉर्ड स्तर को भी पार कर जाएंगे। हालांकि, मौजूदा परिस्थिति को देखें तो यह अनुमान इतना आसान नहीं लगता है।
ओमिक्रॉन का बाजार पर दिख रहा असर
19 अक्तूबर में ऑल टाइम हाई अचीव करने के बाद मेजर इंडेक्स सेंसेक्स अभी तक 10 फीसदी से ज्यादा करेक्ट हो चुका है। नवंबर महीने में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के सामने आने के बाद बाजार पर दवाब बढ़ा है। दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाएं महामारी की नई लहर की चुनौती से जूझ रही हैं और भारत में भी कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके अलावा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) की लगातार बिकवाली भी बड़ी चुनौती बनी हुई है, पिछले दो-तीन महीने में ही बाजार से 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाली जा चुकी है।
सेंसेक्स-निफ्टी ने इस साल छुआ शिखर
बीएसई के 30 शेयरों वाले सूचकांक सेंसेक्स ने पिछले 2 सालों में ही रिकॉर्ड तेजी के साथ बढ़त हासिल की है। सेंसेक्स ने 2021 में ही नौ माह की टाइम फ्रेम में ही 50000 अंक और 60000 अंक दोनों ही बड़े स्तर को पार किया है। 19 अक्तूबर को सेंसेक्स 62 हजार के पार खुला था। वहीं इसके ऑल टाइम सफर की बात करें तो 1000 अंक से 60000 के स्तर तक पहुंचने में सेंसेक्स को 31 साल से थोड़ा ज्यादा वक्त लग गया। इसने 25 जुलाई 1990 को पहली बार 1000 अंक का स्तर छुआ और इसके बाद 24 सितंबर 2021 शुक्रवार को सेंसेक्स ने इतिहास में पहली बार 60000 के रिकॉर्ड स्तर को छूने में कामयाबी पाई। निफ्टी को देखें तो यह सूचकांक इस साल अभी तक करीब 24 फीसदी की बढ़त में है। इस दौरान निफ्टी ने 18 हजार के स्तर को भी पार किया, जो कभी असंभव लगता था।
विशेषज्ञों ने जाहिर की ये उम्मीद
विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले साल 2022 में निफ्टी नए शिखर पर पहुंचेगा और 21 हजार के स्तर को पार करने में सफलता हासिल करेगा। अगर यह अनुमान सच साबित हुआ तो 2022 में भी निवेशकों पर पैसा बरसेगा। मोतीलाल ओसवाल के अनुसार, हम आशावादी बने हुए हैं और उम्मीद करते हैं कि निफ्टी 2022 में लगभग 12 से 15 फीसदी तक रिटर्न देगा, जो आर्थिक सुधार और मजबूत आय वृद्धि की निरंतरता से बढ़ेगा। जबकि बाजार की प्रवृत्ति निकट भविष्य में संभावित जोखिम के कारण अस्थिर हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, उम्मीद है कि 2022 में आईटी, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, सीमेंट और रियल एस्टेट जैसे सेक्टर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।