आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी देखी गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 483.53 अंक यानी 1.54 फीसदी की बढ़त के साथ 31863.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 126.60 अंक यानी 1.38 फीसदी की तेजी के साथ 9313.90 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, जी लिमिटेड, एचसीएल टेक, ओएनजीसी, हिंडाल्को और एचडीएफसी बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, श्री सीमेंट, एनटीपीसी, ग्रासिम, यूपीएल, इंडसइंड बैंक, नेस्ले इंडिया और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी और पीएसयू बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स बढ़त पर बंद हुए। इनमें फार्मा, रियल्टी, आईटी, मीडिया, मेटल, ऑटो, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
रुपया 62 पैसे की बढ़त के साथ 76.06 प्रति डॉलर पर
घरेलू शेयर बाजारों में लाभ और अन्य एशियाई मुद्राओं में मजबूती के रुख के बीच गुरुवार को रुपया 62 पैसे की बढ़त के साथ 76.06 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रिजर्व बैंक ने कहा है कि वह मुक्त बाजार परिचालन (ओएमओ) के जरिए सरकारी प्रतिभूतियों की अतिरिक्त खरीद करेगा। फॉरेक्स डीलरों ने कहा कि इससे निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। अंतरबैंक विदेशी विनियम बाजार में रुपया 76.31 प्रति डॉलर पर मजबूत खुला। यह 76 प्रति डॉलर के उच्चस्तर तक भी गया। अंत में रुपया 62 पैसे की बढ़त के साथ 76.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बुधवार को रुपया 76.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। सेंसेक्स की शुरुआत 59.12 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के साथ 31320.43 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 13.05 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ 9200.35 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 2.09 बजे 437.49 अंक (1.39 फीसदी) की तेजी के साथ सेंसेक्स 31817.04 पर और 121.85 अंक (1.33 फीसदी) की तेजी के साथ निफ्टी 9309.15 के स्तर पर था।
बुधवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद बुधवार को फेसबुक-जियो डील से घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 742.84 अंक यानी 2.42 फीसदी की बढ़त के साथ 31379.55 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 205.85 अंक यानी 2.29 फीसदी की तेजी के साथ 9187.30 के स्तर पर बंद हुआ था।