फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना और यस बैंक संकट से सेंसेक्स ने लगाया 893 अंक का गोता, निफ्टी भी फिसला

Fri, 06 Mar 2020 03:55 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार जोरदार गिरावट पर बंद हुआ। 
  • सेंसेक्स 893.99 अंकों की गिरावट के बाद 37,576.62 के स्तर पर बंद हुआ।
  • शुक्रवार को सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए।
विज्ञापन
शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 893.99 अंक यानी 2.32 फीसदी की गिरावट के बाद 37,576.62 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 289.45 अंक यानी 2.57 फीसदी की गिरावट के बाद 10,979.55 के स्तर पर बंद हुआ। इससे कुछ ही घंटों में निवेशकों के लगभग 3.28 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

विज्ञापन


ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज बजाज ऑटो, गेल, मारुति और एशियन पेंट्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, जी लिमिटेड, एसबीआई, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, इंफ्राटेल, वेदांता लिमिटेड, कोल इंडिया और ओएनजीसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। 

यस बैंक के शेयर में भारी गिरावट
रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को संकट में फंसे यस बैंक पर मौद्रिक सीमा लगा दी। इसके तहत खाताधारक अब यस बैंक से 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम नहीं निकाल सकेंगे। निकासी की यह सीमा 3 अप्रैल, 2020 तक लागू रहेगी। इस घोषणा के बाद आज यस बैंक का शेयर भारी गिरावट पर खुला। आज यस बैंक का शेयर 33.15 के स्तर पर खुला और 20.20 अंक यानी 54.89 फीसदी की गिरावट के बाद 16.60 के स्तर पर बंद हुआ। 
विज्ञापन


एसबीआई का शेयर भी फिसला
इसके साथ ही सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों को पूंजी के संकट से जूझ रहे यस बैंक को खरीदने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंजूरी दे दी है। इस एलान के बाद आज एसबीआई के शेयर में भी गिरावट देखी जा रही है। आज यह 268 के स्तर पर खुला और 18.70 अंक यानी 6.48 फीसदी की गिरावट के बाद यह 269.80 के स्तर पर बंद हुआ। 

कोरोनावायरस की दहशत से भी लुढ़का बाजार
कोरोनावायरस तेजी से चीन के बाहर दुनियाभर में फैल रहा है। भारत में कोरोनावायरस के नए मामले सामने आने से बाजार में गिरावट आई। देश में कोरोनावायरस ग्रस्त मरीजों की संख्या 31 हो चुकी है। इसका बड़ा असर कारोबार पर पड़ रहा है, जिसे लेकर भारत सहित वैश्विक बाजार चिंतित हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस वायरस के कारण भारत के व्यापार को 34.8 करोड़ डॉलर (करीब 2,548 करोड़ रुपये) की चपत लग सकती है।

विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजारों से पैसा निकाल रहे हैं। पिछले 14 कारोबारी सत्रों में एफआईआई भारतीय बाजार से 18,343 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। वैश्विक बाजारों के गिरने का दबाव भी बाजार पर है। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 3.58 फीसदी और नैस्डैक 3.10 फीसदी नीचे है। निक्केई 2.94 फीसदी और ऑस्ट्रेलियाई बाजार 2.44 फीसदी नीचे है। 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मीडिया, रियल्टी, मेटल, फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक, ऑटो और पीएसयू बैंक शामिल हैं।

गुरुवार को मामूली बढ़त पर बंद हुआ था बाजार 
गुरुवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार मामूली बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 61.13 अंक यानी 0.16 फीसदी की बढ़त के बाद 38,470.61 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 18 अंक यानी 0.16 फीसदी की बढ़त के बाद 11,269 के स्तर पर बंद हुआ था।  

जोरदार गिरावट पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार भारी गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 1,435.14 अंक यानी 3.73 फीसदी की गिरावट के बाद 37,035.47 के स्तर पर खुला था। जबकि निफ्टी 403.15 अंक यानी 3.58 फीसदी की गिरावट के बाद 10,865.85 के स्तर पर खुला था। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें