सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 170.52 अंक यानी 0.41 फीसदी की गिरावट के बाद 40,984.60 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 58.75 अंक यानी 0.48 फीसदी की गिरावट के बाद 12,060.25 के स्तर पर बंद हुआ। दो दिनों में सेंसेक्स 628 अंक लुढ़का और निफ्टी 187 अंक गिरा।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो मंगलवार को बीपीसीएल का शेयर 2.49 फीसदी बढ़ा, एचडीएफसी का 1.57 फीसदी, बजाज फाइनेंस का 1.24 फीसदी, सन फार्मा का एक फीसदी, बजाज फिन्सर्व का 0.92 फीसदी, एचडीएफसी बैंक का 0.82 फीसदी, टीसीएस का 0.67 फीसदी, आईओसी का 0.43 फीसदी, टेक महिंद्रा का 0.40 फीसदी और कोटक महिंद्रा का शेयर 0.35 फीसदी बढ़ा। वहीं वेदांता लिमिटेड का शेयर 4.53 फीसदी गिरा, भारती एयरटेल का शेयर 4.37 फीसदी, टाटा मोटर्स का 3.18 फीसदी, टाटा स्टील का 2.93 फीसदी, जेएसडब्ल्यू स्टील का 2.24 फीसदी, रिलायंस का 2.19 फीसदी, यस बैंक का 2.12 फीसदी, मारुति का 2.10 फीसदी और कोल इंडिया का शेयर 1.99 फीसदी गिरा।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और रियल्टी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक, मेटल, पीएसयू बैंक, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।
मामूली बढ़त पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स 86.25 अंक यानी 0.21 फीसदी की बढ़त के बाद 41,241.37 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 9.95 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 12,128.95 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 458 अंकों की गिरावट के साथ 41,155.12 और निफ्टी 129.25 अंक गिरकर 12,119.00 पर बंद हुआ था। निफ्टी के 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान और 39 शेयर लाल निशान में बंद हुए थे। सोमवार को सेंसेक्स दिनभर के कारोबार के दौरान 41,516.27 अंक के उच्चतम स्तर तक गया था। वहीं एक बार यह गिरकर 41,122.48 अंक के स्तर तक कारोबार करते पाया गया था।