दिनभर के कारोबार के बाद सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 267.64 अंकों की गिरावट के बाद 37,060.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 98.30 अंकों की गिरावट के बाद 10,918.70 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद इंडियाबुल्स हाउसिंग, टाटा मोटर्स, यस बैंक, टाटा स्टील और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं बढ़त वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प, टेक महिंद्रा, एचयूएल और इंफोसिस के शेयर शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें पीएसयू बंक, एनर्जी, इंफ्रा, एफएमसीजी, ऑटो, आईटी, फार्मा और मेटल शामिल हैं।
सपाट स्तर पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। सेंसेक्स 19.64 अंकों की गिरावट के बाद 37,308.37 के स्तर पर खुला था। निफ्टी की बात करें, तो 10.90 अंकों की गिरावट के बाद निफ्टी 11,006.10 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 74.48 अंकों की गिरावट के बाद 37,328.01 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 36.90 अंकों की गिरावट के बाद 11,017 के स्तर पर बंद हुआ था।