सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शुरुआती बढ़त गंवाकर शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.20 फीसदी की गिरावट के साथ 413.89 अंक नीचे 33956.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.19 फीसदी गिरकर 120.80 अंक नीचे 10046.65 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंडसइंड बैंक, डॉक्टर रेड्डी, सन फार्मा, एम एंड एम, इंफ्राटेल, अडाणी पोर्ट्स, सिप्ला, अल्ट्राटेक सीमेंट और एचडीएफसी हरे निशान पर बंद हुए। वहीं गेल, टाटा मोटर्स, टाइटन, बीपीसीएल, आईसीआईसीआई बैंक, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, जी लिमिटेड और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी और फार्मा के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें ऑटो, मेटल, पीएसयू बैंक, मीडिया, बैंक, प्राइवेट बैंक और आईटी शामिल हैं।
कोरोना से प्रभावित बाजार
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 9,987 नए मामले सामने आए हैं और 266 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,66,598 हो गई है, जिनमें से 1,29,917 सक्रिय मामले हैं, 1,29,215 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 7,466 लोगों की मौत हो चुकी है।
हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 109.17 अंक (0.32 फीसदी) ऊपर 34479.75 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.31 फीसदी यानी 32 अंकों की बढ़त के साथ 10199.50 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.24 फीसदी की बढ़त के साथ 83.34 अंक ऊपर 34370.58 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 0.25 फीसदी उछलकर 25.30 अंक ऊपर 10167.45 के स्तर पर बंद हुआ था।