अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के बाहुबली जनरल कासिम सुलेमानी को मार गिराए जाने के बाद ईरान और अमेरिका के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। इसका असर शेयर बाजार पर भी पड़ा। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 162.03 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट के बाद 41,464.61 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 55.55 अंक यानी 0.45 फीसदी की गिरावट के बाद 12,226.65 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो शुक्रवार को टीसीएस, सन फार्मा, गेल, एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, विप्रो, भारती एयरटेल और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं जी लिमिटेड, इंफ्राटेल, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, बजाज ऑटो, बजाज फिन्सर्व और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और फार्मा के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, रियल्टी, पीएसयू बैंक, मीडिया, एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक और ऑटो शामिल हैं।
गिरावट पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार लाल निशान पर खुला था। सेंसेक्स 61.36 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के बाद 41,565.28 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 35.95 अंक यानी 0.29 फीसदी की गिरावट के बाद 12,246.25 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
साल 2020 के दूसरे कारोबारी दिन गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 322.62 अंक यानी 0.78 फीसदी की बढ़त के बाद 41,628.64 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 100.45 अंक यानी 0.82 फीसदी की बढ़त के बाद 12,282.95 के स्तर पर बंद हुआ था।