आरबीआई द्वारा रेपो रेट और जीडीपी के अनुमान से दिनभर के कारोबार के बाद सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 70.70 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के बाद 40,779.59 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 24.80 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के बाद 12,018.40 के स्तर पर बंद हुआ।
आरबीआई ने किया ये एलान
आरबीआई ने रेपो दर 5.15 फीसदी पर बरकरार रखने का एलान किया है। तीन दिसंबर को मौद्रिक नीति समिति की बैठक शुरू हुई थी और आज पांच दिसंबर को रेपो रेट की घोषणा हुई। बता दें कि केंद्रीय बैंक खुदरा महंगाई को ध्यान में रखते हुए प्रमुख नीतिगत दरों पर फैसला लेता है। इस साल रेपो दर में कुल 135 आधार अंकों की कटौती हुई है। नौ सालों में पहली बार रेपो रेट इतना कम है। रेपो रेट के अतिरिक्त आरबीआई ने जीडीपी का अनुमान भी जताया है। केंद्रीय बैंक के अनुसार, साल 2019-20 के दौरान जीडीपी में और गिरावट आएगी और यह 6.1 फीसदी से गिरकर पांच फीसदी पर आ सकती है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो गुरुवार को जी लिमिटेड, टीसीएस, आईटीसी, एल एंड टी, ब्रिटानिया, इंफोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा, टाइटन और अडाणी पोर्ट्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं जेएसडब्ल्यू स्टील, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, बीपीसीएल, ग्रासिम, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो रियल्टी, मीडिया, एफएमसीजी और आईटी हरे निशान पर बंद हुए। वहीं मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक, ऑटो, और प्राइवेट बैंक लाल निशान पर बंद हुए हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 102.22 अंक यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के बाद 40,952.51 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 25 अंक यानी 0.21 फीसदी की बढ़त के बाद 12,068.20 के स्तर पर खुला था। इसके बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होने का एलान किया। साथ गी जीडीपी का अनुमान भी घटाया, जिसकी वजह से बाजार में गिरावट आई।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 174.84 अंक यानी 0.43 फीसदी की बढ़त के बाद 40,850.29 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 43.10 अंक यानी 0.36 फीसदी की बढ़त के बाद 12,037.30 के स्तर पर बंद हुआ था।