सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर की सारी बढ़त गंवाकर शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 81.48 अंक यानी 0.26 फीसदी की गिरावट के साथ 31561.22 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.30 अंक यानी 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 9239.20 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स, इंफ्राटेल, बजाज ऑटो, मारुति, ग्रासिम, वेदांता लिमिटेड, जी लिमिटेड और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, बीपीसीएल, डॉक्टर रेड्डी, कोटक बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले, इंडसइंड बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
कोरोना का बाजार पर असर
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 4213 नए मामले सामने आए हैं और 97 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 67,152 हो गई है, जिनमें 44,029 सक्रिय हैं, 20,917 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2206 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज राजस्थान में 126, ओडिशा में 14, बिहार में 11, कर्नाटक में 10 और आंध्र प्रदेश में 38 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी, फार्मा, बैंक, प्राइवेट बैंक और पीएसयू बैंक लाल निशान पर बंद हुए। वहीं आईटी, मीडिया, ऑटो, रियल्टी और मेटल हरे निशान पर बंद हुए।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सुबह 9.17 बजे सेंसेक्स 1.40 फीसदी की बढ़त के साथ 441.51 अंक ऊपर 32084.21 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 1.28 फीसदी की तेजी के साथ 118.40 अंक ऊपर 9369.90 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार में थोड़ी बिकवाली देखी गई। दोपहर 2.15 बजे बीएसई का सेंसेक्स 86.30 अंक बढ़कर 31729 पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 37.55 अंक ऊपर 9289.05 के स्तर पर था।
शुक्रवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 199.32 अंक यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 31642.70 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 52.45 अंक यानी 0.57 फीसदी की तेजी के साथ 9251.50 के स्तर पर बंद हुआ था।