सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भी शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। लगातार छह दिनों से घरेलू बाजार में तेजी जारी है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.84 फीसदी की तेजी के साथ 284.01 अंक ऊपर 34109.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.83 फीसदी बढ़कर 82.45 अंक ऊपर 10061.55 के स्तर पर बंद हुआ। सकारात्मक घरेलू और वैश्विक संकेतों के कारण यह तेजी आई।
कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की भारी आमद ने बाजार की धारणा को मजबूती दी। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने मंगलवार को पूंजी बाजार में सकल आधार पर 7,498.29 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एम एंड एम, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, नेस्ले इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, ओएनजीसी, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक और श्री सीमेंट के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं जी लिमिटेड, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, इंफ्राटेल, विप्रो, कोल इंडिया, यूपीएल, भारती एयरटेल, मारुति और इंफोसिस के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, फार्मा, ऑटो, बैंक, मीडिया, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।
दिनभर ऐसा रहा शेयर बाजार का हाल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1.57 फीसदी की बढ़त के साथ 531.35 अंक ऊपर 34356.88 के स्तर पर खुला था। साथ ही निफ्टी में भी बढ़त देखी गई। यह 1.63 फीसदी की तेजी के साथ 162.75 अंक ऊपर 10141.85 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 1.57 फीसदी की तेजी के साथ 522.01 अंक ऊपर 33825.53 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 1.56 फीसदी बढ़कर 152.95 अंक ऊपर 9979.10 के स्तर पर बंद हुआ था।