तीन दिन की तेजी के बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 7.62 अंक यानी 0.02 फीसदी की बढ़त के बाद 41,681.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.10 अंक यानी 0.10 फीसदी की बढ़त के बाद 12,271.80 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो शुक्रवार को टाइटन, टाटा स्टील, यूपीएल, एसबीआई, नेस्ले इंडिया, जी लिमिटेड, कोल इंडिया, यस बैंक, गेल और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं वेदांता लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा मोटर्स, आईटीसी, एम एंड एम, सन फार्मा, रिलायंस, बीपीसीएल और एक्सिस बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज फार्मा, एफएमसीजी और ऑटो के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें रियल्टी, पीएसयू बैंक, मेटल, मीडिया, आईटी, और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 73.92 अंक यानी 0.18 फीसदी की बढ़त के बाद 41,747.84 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 9.50 अंक यानी 0.08 फीसदी की बढ़त के बाद 12,269.20 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार के खुलते ही सेंसेक्स 124.14 अंक उछलकर 41,798.06 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी 12.25 अंक चढ़कर अपने 12,271.95 के रिकॉर्ड शिखर पर पहुंच गया।
पिछले कारोबारी दिन रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था बाजार
गुरुवार को शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में 115.35 अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 41,673.92 पर और निफ्टी 38.05 अंकों की तेजी के साथ 12,259.70 पर बंद हुआ था।