शेयर बाजार में मोदी सरकार के नए वित्त मंत्री को लेकर शुक्रवार सुबह से ही कयासबाजी शुरू हो गई। इसे लेकर निवेशकों में भी उत्साह दिखा और कारोबार के कुछ ही समय बाद सेंसेक्स एक बार फिर 40 हजार के आंकड़े को पार कर गया। हालांकि, वित्त मंत्री के रूप में अनुमान से परे निर्मला सीतारमण का नाम सामने आते ही निवेशकों में खलबली मच गई और बाजार में भारी गिरावट दिखी।
यस सिक्योरिटीज के प्रमुख शोधकर्ता अमर अंबानी का कहना है कि वित्त मंत्री के रूप में निर्मला सीतामरण की नियुक्ति बेहतरीन फैसला है। आर्थिक क्षेत्र में उनकी समझ और मजबूत इरादों से भविष्य में बाजार को बड़े सुधार की उम्मीद है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता और रक्षा मंत्री के तौर पर मजबूत इरादे दिखाए हैं और आर्थिक क्षेत्र में भी इसी तरह के फैसलों का अनुमान है। उनकी यही छवि भविष्य में बाजार को स्थायित्व देगा और नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
समय सेंसेक्स
दिनभर के कारोबार के बाद शुक्रवार को टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टीसीएस, आईओसी और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के स्टॉक्स बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें जी एंटरटेनमेंट, यस बैंक, आईटीसी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और वेदांता के स्टॉक्स शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को आईटी और एनर्जी हरे निशान पर बंद हुए। वहीं फार्मा, इंफ्रा, पीएसयू बैंक, ऑटो और मेटल लाल निशान पर बंद हुए।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार जोरदार तेजी के साथ खुला था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 237.12 अंकों की बढ़त के साथ 40069.09 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 12000 के पार खुला था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 74.40 अंकों की बढ़त के साथ 120020.60 के स्तर पर खुला था।
वैश्विक स्तर पर स्थिर रुख के चलते सटोरियों के सौदे बढ़ाए जाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में सोना 143 रुपये बढ़कर 31,952 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर जून महीने की डिलीवरी वाला सोना 143 रुपये यानी 0.45 फीसदी बढ़कर 31,952 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। इसमें 1,870 लॉट का कारोबार हुआ।
बाजार सूत्रों ने कहा कि प्रतिभागियों के सौदे बढ़ाने से वायदा कारोबार में सोना तेजी में रहा। न्यूयॉर्क में सोना 0.51 फीसदी बढ़कर 1,299 डॉलर प्रति औंस हो गया।