आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार जोरदार तेजी के साथ खुला। घरेलू बाजार में तेजी का यह लगातार तीसरा दिन है। शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 450.78 अंक (0.89 फीसदी) की बढ़त के साथ 51,232.47 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 132 अंक यानी 0.82 फीसदी ऊपर 15,114 के स्तर पर खुला। 1000 शेयरों में तेजी आई, 203 शेयरों में गिरावट आई और 50 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इसलिए आई तेजी
सकारात्मक वैश्विक संकेतों से घरेलू बाजार में तेजी आई। जापान का निक्केई इंडेक्स 486 अंकों की बढ़त के साथ 30,158 पर कारोबार कर रहा है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 543 अंकों की तेजी के साथ 30,262 पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 2.30 फीसदी ऊपर 3,064 पर कारोबार कर रहा है। चीन के शंघाई कंपोजिट और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
कल शाम पांच बजे तक हुई थी ट्रेडिंग
बुधवार सुबह 11:40 बजे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों के चलते कारोबार बाधित हो गया था। एनएसई के वक्तव्य में कहा गया था कि नेट कनेक्टिविटी के लिए वह दो दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की सेवाएं लेता है लेकिन दोनों की सेवाएं ही एक साथ असफल होने से प्रणाली बाधित हुई है। इसके बाद दोपहर 3.45 बजे से बाजार में दोबारा कारोबार शुरू हुआ और पांच बजे ट्रेडिंग बंद हुई।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान ओएनजीसी, एक्सिस बैंक, हिंडाल्को, कोल इंडिया और एसबीआई के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं टेक महिंद्रा, सिप्ला, एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक और एल एंड टी के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स की शुरुआत बढ़त पर हुई। इनमें एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी, मीडिया, बैंक, फार्मा, फाइनेंस सर्विसेज, ऑटो, पीएसयू बैंक, मेटल और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 567.71 अंक (1.12 फीसदी) ऊपर 51,349.40 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 168.90 अंक (1.13 फीसदी) ऊपर 15,150.90 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 123.31 अंक (0.25 फीसदी) की बढ़त के साथ 49,874.72 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 36 अंक यानी 0.24 फीसदी ऊपर 14,743.80 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ था बाजार
बुधवार को शेयर बाजार जोरदार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 1030.28 अंक यानी 2.07 फीसदी की तेजी के साथ 50781.28 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 274.20 अंक यानी 1.86 फीसदी की तेजी के साथ 14982 के स्तर पर बंद हुआ था।