वर्ष 2020 के पहले दिन बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी जैसे ब्लूचिप शेयरों में मजबूती से सेंसेक्स 52 अंक बढ़कर 41,300 से ऊपर पहुंच गया। 2.76 फीसदी की बढ़त के साथ पावरग्रिड सेंसेक्स में सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर रहा।
बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 52.28 अंक मजबूत होकर 41,306.02 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 14.05 अंकों की बढ़त के साथ 12,182.50 के स्तर पर पहुंच गया। पावरग्रिड के अलावा एनटीपीसी, एमएंडएम, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी और इंफोसिस सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर रहे। दूसरी तरफ, टाइटन में सबसे ज्यादा 2.76 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा इंडसइंड बैंक (1.72 फीसदी) और बजाज ऑटो (1.21 फीसदी) सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि वैश्विक संकेतों में कमी के बीच सकारात्मक आर्थिक आंकड़ों से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के शोध प्रमुख (निवेश सेवाएं) नरेंद्र सोलंकी ने कहा, ‘सितंबर तिमाही में जीडीपी की तुलना में चालू खाता घाटा (सीएडी) के घटकर 0.9 फीसदी पर आने से निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली है।’ सेक्टर वार देखें तो आईटी, एफएमसीजी और फार्मा शेयर हरे निशान में बंद हुए, जबकि वाहन, धातु व वित्तीय कंपनियों के ज्यादातर शेयर गिरकर बंद हुए।