अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता को लेकर वैश्विक बाजार के आशावान रहने के साथ धातु, रियल्टी और आईटी शेयरों में तेजी से शुक्रवार को सेंसेक्स 178 अंक चढ़ा। वहीं सोने-चांदी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 177.51 अंक यानी 0.49 फीसदी चढ़कर 38,862.23 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 67.95 अंक यानी 0.59 फीसदी चढ़कर 11,665.95 पर बंद हुआ।
घरेलू आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग बढ़ने के कारण शुक्रवार को सराफा बाजार में सोना 100 रुपये चढ़कर 32,770 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली तेज होने से चांदी 200 रुपये चढ़कर 38,530 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, विदेश से कमजोर रुझान के कारण सोने में बढ़त सीमित रही। न्यूयॉर्क में सोना 1,287.98 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 15.13 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 100 चढ़कर क्रमश: 32,770 रुपये और 32,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। पिछले दो सत्रों में सोना 180 रुपये गिरा था।