शुक्रवार को एक बार फिर शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है। बाजार लाल निशान पर खुला और देखते ही देखते धराशायी हो गया। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 997 अंक तक टूट गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सेंज का निफ्टी सूचकांक 294 अंक तक फिसल गया। गौरतलब है कि साल 2022 शुरू होने के बाद डेढ़ महीने के भीतर ही सेंसेक्स में ये तीसरी सबसे बड़ी गिरावट है।
बाजार में गिरावट के प्रमुख कारण
शुक्रवार को बाजार में आई भारी गिरावट की प्रमुख वजह की बात करें तो अमेरिका में महंगाई दर का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया, जो कि 40 साल के नए उच्च स्तर पर पहुंच चुकी है। गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में मुद्रास्फीति दर 7.5 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा मार्च से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है, इसका प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। वहीं रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की संभावना भी वैश्विक बाजारों के साथ घरेलू बाजार में गिरावट का कारण बन रही है।
कोरोना काल में सबसे बड़ी गिरावट
साल 2020 में कोरोना महामारी का दौर शुरू होने के बाद से शेयर बाजार कई बार धराशयी हुआ है। सेंसेक्स ने महामारी के दौरान अब तक के इतिहास की कई बड़ी गिरावटें देखी हैं। इनमें सबसे बड़ी गिरावट 23 मार्च 2020 को आई थी जब सेंसेक्स 3934 अंक टूट गया था। इसके बाद कई ऐसे मौके आए जब सेंसेक्स ने निवेशकों का भारी नुकसान कराया। यह सिलसिला 2022 में भी देखने को मिल रहा है और महज डेढ़ महीने के भीतर ही कई बार टूट चुका है, इस बीच तीन बड़ी गिरावटें इसमें देखी गई हैं।
कोरोना आने के बाद सेंसेक्स का बुरा दौर
| तारीख |
वर्ष |
गिरावट |
| 12 मार्च |
2020 |
2919 |
| 16 मार्च |
2020 |
2713 |
| 23 मार्च |
2020 |
3934 |
| 4 मई |
2020 |
2002 |
| 18 मई |
2020 |
1068 |
| 26 फरवरी |
2021 |
1939 |
| 12 अप्रैल |
2021 |
1707 |
| 26 नवंबर |
2021 |
1687 |
| 24 जनवरी |
2022 |
1546 |
| 07 फरवरी |
2022 |
1024 |
| 11 फरवरी |
2022 |
997 |
अक्तूबर 2021 में पहुंचा था 62 हजार के पार
गौरतलब है कि सेंसेक्स ने पिछले साल 19 अक्तूबर को ही 62,245 अंक का अपना अब तक का सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। हालांकि, इसके बाद शेयर बाजार में मची उथल-पुथल के कारण इसमें गिरावट का दौर शुरू हुआ और साल 2021 के अंत तक इसमें उच्च स्तर से करीब दस फीसदी की गिरावट दर्ज की गइ थी, जो नया साल शुरू होने के बाद और भी बढ़ गई है।
एक लाख तक पहुंचेगा बीएसई का सेंसेक्स
एक ओर जहां सेंसेक्स बड़ी-बड़ी गिरावटें देख रहा है, तो वहीं दूसरी ओर जेफरीज के क्रिस्टोफर वुड ने हाल ही में जारी अपने साप्ताहिक नोट 'ग्रीड एंड फियर' में उम्मीद जताई है कि भारत का अहम इक्विटी इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स 2026 के अंत तक या फिर 2027 की शुरुआत में 100,000 तक का स्तर छू सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले सालों में सेंसेक्स में सालाना आधार पर 11 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।