शेयर बाजार में शुक्रवार को मजबूत शुरुआत देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में गिरावट के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ खुले। वहीं रुपया भी 69 के स्तर पर खुला। बाजार में आज दिग्गज शेयरों के साथ ही स्मॉलकैप शेयरों में भी जोश नजर आ रहा है। मिडकैप शेयरों में भी आज खरीदारी दिख रही है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.16 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 14375 के ऊपर पहुंच गया है।
सेंसेक्स 160 अंक की बढ़त के साथ 36330 के स्तर पर और निफ्टी 48.45 अंक की बढ़त के साथ 10,910 के स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। निफ्टी के आईटी इंडेक्स में 1.06 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 0.64 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स में 0.63 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 1 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है।
17 पैसे की मजबूती के साथ खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 17 पैसे की मजबूती के साथ 69.67 के स्तर पर खुला। वहीं गुरुवार को भी रुपया 78 पैसे की शानदार बढ़त के साथ 69.84 के स्तर पर बंद हुआ था, जो रुपये का 3 महीने का सर्वोच्च स्तर है।