वैश्विक बाजारों में तेजी और ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह के साथ शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तीन दिन की गिरावट के बाद बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान 2:56 तक 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 964.12 अंक या 1.14 प्रतिशत बढ़कर 85,551.13 अंक पर पहुंच गई। वहीं निफ्टी 305 अंक या 1.18 प्रतिशत बढ़कर 26,190.10 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील, ट्रेंट, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक प्रमुख लाभ में रहे। सुबह के कारोबार के दौरान भारती एयरटेल एकमात्र पिछड़ने वाली कंपनी रही।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि वैश्विक बाजार आज सुबह भारतीय इक्विटी के लिए मजबूत और सहायक पृष्ठभूमि पेश कर रहे हैं। अमेरिकी सूचकांकों ने रातोंरात मजबूत बढ़त दर्ज की, जबकि एशियाई बाजार अमेरिका के नवीनतम आर्थिक आंकड़ों - जिसमें सितंबर के खुदरा बिक्री और उत्पादक मूल्य डेटा शामिल हैं, के बाद हरे रंग में मजबूती से कारोबार कर रहे हैं। इससे मांग में नरमी और मुद्रास्फीति में कमी का संकेत मिलता है, जिससे दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें मजबूत होती हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत बढ़कर 62.70 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 785.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे और घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 3,912.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मंगलवार को सेंसेक्स 313.70 अंक या 0.37 प्रतिशत गिरकर 84,587.01 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 74.70 अंक या 0.29 प्रतिशत गिरकर 25,884.80 पर बंद हुआ।