सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में बंद होते वक्त एक नई ऊंचाई छुई। सेंसेक्स ने जहां एक नई छलांग लगाई, वहीं फरवरी के बाद निफ्टी भी अपने उच्चतम स्तर देखा गया। वहीं सोने में गिरावट का दौर देखने को मिला।
सेंसेक्स 222 अंक की तेजी के साथ 36,719 के स्तर पर और निफ्टी 75 अंक चढ़कर 11,085 के स्तर पर बंद हुआ है।एफएमसीजी, बैंकिंग, मेटल, रियल्टी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स और पावर शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है।
हालांकि ऑटो और आईटी शेयर थोड़ा दबाव में नजर आए। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.25 फीसदी से ज्यादा उछलकर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है।
सोना 80 रुपये गिरा
कमजोर वैश्विक रुझान व स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से हल्की मांग के बीच सोमवार को सराफा बाजार में सोने का भाव 80 रुपये गिरकर 30,890 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। सोने में तीन दिनों के लगातार उछाल के बाद यह गिरावट आई।
हालांकि औद्योगिक इकाइयों की ओर से उठाव के कारण चांदी 65 रुपये मजबूत होकर 39,320 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। विश्व स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.09 फीसदी गिरकर 1,230.40 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.16 फीसदी गिरकर 15.48 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई। पीली धातु ने पिछले तीन दिनों में 170 रुपये की बढ़त हासिल की थी।