आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। वैश्विक बाजारों में आई भारी गिरावट का असर घरेलू शेयर बाजार पर दिखा। सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग शेयरों में देखी जा रही है। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 3.4 लाख करोड़ रुपये घटकर 202.80 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो कल 206.18 लाख करोड़ रुपये था।
दोपहर 12.14 बजे- बीएसई का सेंसेक्स 1666.55 अंकों की भारी गिरावट के साथ 49372.77 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके साथ ही एनएसई का निफ्टी 468.95 अंक नीचे 14628.40 के स्तर पर था।
सुबह 11.16 बजे- सेंसेक्स 1335.79 अंक यानी 2.62 फीसदी की गिरावट के साथ 49703.52 के स्तर पर था। निफ्टी इस दौरान 355 अंक नीचे 14742.35 के स्तर पर था।
917 अंक नीचे खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 917.24 अंक (1.80 फीसदी) की गिरावट के साथ 50122.07 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 267.80 अंक यानी 1.77 फीसदी नीचे 14829.60 के स्तर पर खुला।
इसलिए आई गिरावट
अमेरिकी बाजारों में आई भारी बिकवाली के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। दरअसल, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली के चलते प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक इंडेक्स 478 अंकों की गिरावट के साथ 13,119 पर बंद हुआ था और डाउ जोंस 559 अंक नीचे बंद हुआ था। जापान का निक्केई इंडेक्स 737 अंक नीचे 29,430 पर है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 771 अंक नीचे 29,303 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स, कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स दो-दो फीसदी नीचे है।
67 पैसे लुढ़का रुपया
घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली तथा एशियाई मुद्राओं की नरमी के चलते शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपये में 67 पैसे की बड़ी गिरावट दर्ज की गयी। इससे रुपया 73 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे आ गया। रुपया गुरुवार को 72.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। छह प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के बास्केट में डॉलर का सूचकांक 0.25 फीसदी की मजबूती के साथ 90.35 पर पहुंच गया।
16 फीसदी प्रीमियम पर सूचीबद्ध हुआ रेलटेल का आईपीओ
रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का शेयर शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में 16 फीसदी प्रीमियम के साथ सूचीबद्ध हुआ। इसका इश्यू मूल्य 94 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। शेयर बाजारों में आज कारोबार की शुरुआत हालांकि, बिकवाली में हुई, लेकिन रेलटेल के शेयर ने 109 रुपये पर शुरुआत की। यह इसके इश्यू मूल्य से 15.95 फीसदी ऊपर था। वहीं बीएसई में कंपनी का शेयर 104.60 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। यहां यह 11.27 फीसदी प्रीमियम में रहा। इसके साथ ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण 3,846.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दूरसंचार क्षेत्र की इस कंपनी का शुरुआती सार्वजनिक निर्गम 42 गुणा अधिक अभिदान पाने में सफल रहा था।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर थे। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, ओएनजीसी, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और पावर ग्रिड शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स की शुरुआत गिरावट पर हुई। इनमें एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी, मीडिया, बैंक, फार्मा, फाइनेंस सर्विसेज, ऑटो, पीएसयू बैंक, मेटल और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.05 बजे सेंसेक्स 659.32 अंक (1.29 फीसदी) नीचे 50,379.99 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 115.35 अंक (0.77 फीसदी) नीचे 15,097.35 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 450.78 अंक (0.89 फीसदी) की बढ़त के साथ 51,232.47 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 132 अंक यानी 0.82 फीसदी ऊपर 15,114 के स्तर पर खुला था।
गुरुवार को तेजी के साथ बंद हुआ था बाजार
गुरुवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद घरेलू शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 257.62 अंक यानी 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 51039.31 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 115.35 अंक यानी 0.77 फीसदी की तेजी के साथ 15097.35 के स्तर पर बंद हुआ था।